BJP vs JJP in Haryana: हरियाणा में लोकसभा की 10 सीट पर 25 मई को मतदान से पहले जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय सचिव अशोक शेरवाल पार्टी के दो नेताओं के साथ मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने वाले जजपा के दो अन्य नेता राज्य सचिव कुसुम शेरवाल और हरपाल कम्बोज हैं।
हरियाणा में बिखर रही है जजपा
जजपा के तीनों नेताओं ने पंचकूला स्थित भाजपा के कार्यालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में सत्तारूढ़ पार्टी की सदस्यता ली। इससे पहले सोमवार को जजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष निशान सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने हाल में ही जजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
तीनों नेताओं का सीएम सैनी ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री सैनी ने तीनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कई अन्य संगठनों के नेता भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा गत 10 साल में किए गए कार्यों का समाज के सभी वर्गों खासतौर पर गरीबों और समाज के कमजोर तबको को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि जनता और बड़े जनादेश के साथ मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने जा रही है।
CM सैनी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके शासनकाल में देश में विकास धीमा हो गया था। उन्होंने कहा कि देश की जनता को विश्वास है कि मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नयी ऊंचाइयों को छुएगा। हरियाणा की 10 लोकसभा सीट के लिए छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा।
