Haryana Assembly Election: हरियाणा में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) की एक टीम ने सोमवार को यहां राज्य के चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक की। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि निर्वाचन आयोग की टीम ने विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।
आयोग ने जिला चुनाव अधिकारियों के साथ की बैठक
वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त नितेश व्यास और उप चुनाव आयुक्त हृदेश कुमार ने मतदाता सूची 2024 के दूसरे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल और सभी जिला चुनाव अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बयान में कहा गया है कि व्यास ने ईसीआई द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार शहरी आवास सोसायटी, गगनचुंबी इमारतों और झुग्गी झोपड़ी क्षेत्रों में मतदान केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
'लंबित आवेदनों को अभियान चलाकर निपटाया जाएगा'
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों को राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठकें करने, उनकी चिंताओं का उचित समाधान करने और उन्हें नियमित रूप से अद्यतन जानकारी प्रदान करने का भी निर्देश दिया गया। मुख्य चनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि मतदाता पंजीकरण के लंबित आवेदनों को अभियान चलाकर निपटाया जाएगा और त्रुटि रहित और अद्यतन मतदाता सूची का समय से प्रकाशन सुनिश्चित किया जाएगा।
