इलेक्शन

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन UP की 13 सीटों पर सियासी दलों ने झोंकी ताकत, जानें वोटिंग से जुड़ा सारा गुणा-गणित

Lok Sabha Chunav: उत्तर प्रदेश में चौथे चरण की 13 लोकसभा सीटों व एक विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार समाप्त हो चुका है। प्रचार के आखिरी दिन सभी सियासी पार्टियों के दिग्गजों ने हुंकार भरी। राजनीतिक दलों ने एक दूसरे प्रतिद्वंद्वी पर जमकर तीर चलाए और अलग-अलग दावे किये। आपको बताते हैं, खास बातें।

Image

उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर 13 मई को मतदान।

Photo : Times Now Digital

Election News: लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के लिए देशभर में प्रचार का सिलसिला थम चुका है। चौथे राउंड में उत्तर प्रदेश की 13 सीट और एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंह होगी। इन सभी सीटों पर मतदान के लिए चुनाव प्रचार शनिवार शाम छह बजे थम गया। आपको बताते हैं कि यूपी की किन 13 सीटों 13 मई को मतदान होगा। प्रचार के आखिरी दिन सभी सियासी दलों ने एक-दूसरे पर जमकर प्रहार किया।

इन 13 लोकसभा सीटों पर 13 मई को मतदान

चौथे चरण के 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में शाहजहांपुर (आरक्षित), खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई (आरक्षित), मिश्रिख (आरक्षित), उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा (आरक्षित), कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, बहराइच (आरक्षित) लोकसभा सीटें आती हैं, जहां शनिवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम गया।

46 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान

चौथे चरण की 13 लोकसभा सीटों में आठ सीटें सामान्य श्रेणी की हैं और पांच सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। चतुर्थ चरण के इन सभी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 130 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों की चुनावी तकदीर का फैसला दो करोड़ 46 लाख से अधिक मतदाता करेंगे।

ददरौल विधानसभा सीट पर होगा उपचुनाव

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 में चतुर्थ चरण के अंतर्गत प्रदेश में 13 मई, सोमवार को 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों तथा ददरौल (शाहजहांपुर जिला) विधानसभा उप निर्वाचन-2024 के लिए मतदान होगा। ददरौल विधानसभा उपचुनाव के लिए 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ददरौल विधानसभा सीट पर 2022 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर निर्वाचित मानवेंद्र सिंह के निधन की वजह से उप चुनाव हो रहा है । यहां भाजपा ने दिवंगत मानवेंद्र सिंह के पुत्र अरविंद सिंह और सपा ने पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा को उम्मीदवार बनाया है ।

एक दूसरे पर जमकर बरसे सियासी दल

इस बीच राजनीतिक दलों ने एक दूसरे प्रतिद्वंद्वी पर जमकर तीर चलाए और अलग-अलग दावे किये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौथे चरण के चुनाव प्रचार में कानपुर में रोड शो किया। इसके पहले धौरहरा और इटावा में जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि 'मुसलमान अब समझ गए हैं कि कांग्रेस और विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’उन्हें मोहरे के रूप में इस्तेमाल कर रहा है और भाजपा द्वारा किए गए विकास को देखकर समुदाय उसकी ओर आ रहा है।'

सपा के गढ़ में गरजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री ने सपा के गढ़ माने जाने वाले इटावा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'मोदी किसके लिए खप रहा है मैंने तो अपने आगे पीछे कुछ रखा ही नहीं। योगी जी (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) भी वैसे ही हैं। हमारे तो बच्चे हैं नहीं। हम खप रहे हैं आपके बच्चों का भविष्य बनाने के लिए।' उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उन्नाव, कन्नौज और कानपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

कन्नौज से अखिलेश यादव लड़ रहे हैं चुनाव

चौथे चरण में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव की कन्नौज सीट पर प्रतिष्ठा दांव पर है। कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और मौजूदा भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के बीच टक्कर है, जबकि उन्नाव में मौजूदा भाजपा सांसद साक्षी महाराज (स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी) का मुकाबला सपा की अन्नू टंडन से है।

2019 में पत्नी डिंपल यादव को मिली थी हार

भाजपा के चार उम्मीदवार - केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी (खीरी), रेखा वर्मा (धौरहरा), मुकेश राजपूत (फर्रुखाबाद) और देवेन्द्र सिंह उर्फ भोले (अकबरपुर) जीत की हैट्रिक पर नजर गड़ाए हुए हैं, जबकि राजेश वर्मा सीतापुर से पांचवीं बार जीतने के लिए मुकाबले में हैं। खीरी में केन्‍द्र द्वारा समाप्त किये तीन कृषि कानूनों के विरोध के दौरान हुई हिंसा से सुर्खियों में आये केन्‍द्रीय राज्‍य मंत्री अजय मिश्र टेनी के पुत्र पर वर्ष 2021 में किसान आंदोलन के दौरान चार किसानों को एसयूवी से कुचलने का आरोप है। चौथे चरण का इलाका खासतौर पर सपा के प्रभाव वाला माना जाता है। हालांकि 2019 में कन्नौज में अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव चुनाव हार गयी थीं।

अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने किया बड़ा दावा

विपक्षी दलों के समूह इंडिया गठबंधन के घटक दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने चौथे चरण में सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर हमला बोला। कन्नौज और कानपुर की सभा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया, 'चार जून, 2024 को नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। आप लिखकर ले लो, नरेंद्र मोदी जी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं।'

कानपुर में गांधी ने यहां तक कहा कि लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन को उत्तर प्रदेश में 50 से कम सीट नहीं मिलेंगी। राहुल गांधी के अलावा अखिलेश यादव ने भी दावा किया कि भाजपा का इन चुनावों में सूपड़ा साफ हो जाएगा। इनके अलावा सभी दलों के प्रमुख नेताओं ने इन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया, रोड शो निकाले और चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article