इलेक्शन

अब दिल्ली में खरीदे जाने लगे पार्षद! AAP-BJP आमने सामने; दावा- 10 करोड़ में लग रही बोली

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 10, 2022, 11:46 PM IST

आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाया है कि दिल्ली में मेयर बनाने के लिए पार्षदों की खरीद-फरोख्त करने की कोशिश की जा रही है। आप का आरोप है कि इसके लिए 10 करोड़ तक रुपये की पेशकश की गई है। वहीं बीजेपी ने भी कुछ इसी तरह का आरोप लगाया है।

Image

दिल्ली में मेयर के पद के लिए हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप

दिल्ली में एमसीडी (MCD) चुनाव खत्म हो चुका है। आम आदमी पार्टी 134 सीटों पर जीत हासिल करके, सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। वहीं बीजेपी ने 104 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस के हिस्से में सिर्फ नौ सीटें आईं हैं, उसमें से भी दो आप के साथ जाने का ऐलान कर चुके हैं। अब राज्य में मेयर के पोस्ट के लिए लड़ाई शुरू हो गई है।

मेयर के लिए लड़ाई शुरू

मेयर के चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने आप पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगाया है। पलटवार में आप ने भी बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वो उसके पार्षदों को खरीदने की कोशिश कर रही है। बीजेपी तो इसके लिए बकायदा एसीबी के पास शिकायत करने की तैयारी कर रही है।

बीजेपी का आरोप

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि आप की तरफ से बीजेपी के पार्षदों से संपर्क किया गया है। वो उन्हें खरीदने की कोशिश कर रहे थे। BJP पार्षद डॉ. मोनिका पात्रा ने पूनावाला के साथ एक प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया कि एक आप नेता ने उनसे संपर्क किया था, उसने भाजपा छोड़ने और आप में शामिल होने के लिए पैसे की पेशकश की। पद का भी ऑफर किया गया।

आप ने भी लगाया आरोप

बीजेपी के साथ-साथ आप ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। आप सांसद संजय सिंह ने दावा किया- "हमारे पार्षदों को भारतीय 'खोका' पार्टी से फोन आए और उन्हें दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बताया कि भाजपा के पास पार्षदों को खरीदने के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट है।"

आदेश गुप्ता पर आरोप

आप के तीन पार्षदों ने एक प्रेस कांफ्रेस में आरोप लगाया कि उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया, जिसमें कहा गया कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष बात करना चाहते हैं। उन्होंने पहले 2 करोड़ रुपये की पेशकश की और जब मना किया तो बोली 10 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article