इलेक्शन

कल तक कांग्रेस के लिए लगाते थे नारा, आज जीतते ही AAP में हो गए शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 9, 2022, 05:43 PM IST

दिल्ली एमसीडी चुनाव में कांग्रेस को ऐसे ही बड़ा झटका लगा है। उसे सिर्फ नौ सीटों पर जीत मिली थी। उसमें से भी दो पार्षद अब आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। साथ ही दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेहदी ने भी अब कांग्रेस का दामन छोड़ दिया है।

Image

दो कांग्रेस पार्षदों ने ज्वाइन किया AAP

Photo : Twitter

Delhi Congress: दिल्ली में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के जीते हुए दो पार्षदों ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। साथ ही राज्य कांग्रेस के युवा चेहरे और पार्टी के उपाध्यक्ष अली मेहदी ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया है।

कौन हैं ये पार्षद

दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेहदी, दो नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों- मुस्तफाबाद से सबिला बेगम और बृजपुरी से नाजिया खातून के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। अली मेहदी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह मुस्तफाबाद से कांग्रेस के पूर्व विधायक अली हसन मेहदी के बेटे हैं।

एक दिन में बदल गई पहचान

अली मेहदी हाल तक कांग्रेस के लिए प्रचार करते दिखे थे। कांग्रेस के लिए नारा लगाते रहे थे, इन्हें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी का करीबी माना जाता था, लेकिन कल तक जो कांग्रेस का झंडा उठाते थे, नारा लगाते थे, अब वो केजरीवाल की पार्टी में शामिल हो गए हैं।

क्या रहा निगम चुनाव 2022 का रिजल्ट

दिल्ली एमसीडी चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी ने 134 वार्डों में जीत हासिल कर सत्ता पर कब्जा जमा लिया है। आप की इस जीत के साथ ही भाजपा के 15 साल के शासन का अंत हो गया है। वहीं बीजेपी ने 104 वार्डों में जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस के हिस्से केवल 9 वार्ड ही आया है। उसमें से भी दो आप में शामिल हो गए हैं। साथ ही दिल्ली में 3 वार्डों से निर्दलीय जीते हैं।

2017 का हाल

बता दें कि दिल्ली नगर निगम में 250 वार्ड हैं। इस चुनाव में 1,349 उम्मीदवार मैदान में थे। बात अगर 2017 के चुनाव की करें तो भाजपा ने 270 वार्डों में से 181 पर जीत हासिल की थी। आप ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article