Times Now Navbharat
live-tv
Premium

क्या है तमिलनाडु में दीपथून दीप विवाद, क्यों छिड़ी सियासी जंग, अनुमति के खिलाफ SC क्यों पहुंची विजय सरकार?

यह विवाद मदुरै की तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित 'दीपथून' नामक पत्थर के स्तंभ पर कार्तिकई दीपम का पारंपरिक दीप जलाने से जुड़ा है। राज्य सरकार का तर्क है कि कार्तिकई दीपम का दीप परंपरागत रूप से उचिपिल्लैयार मंदिर के पास 'दीपा मंडपम' में जलाया जाता रहा है...

Image
क्या है तमिलनाडु का दीपथून विवाद?
Authored by: अमित कुमार मंडल
Updated Nov 23, 2026, 14:38 IST
Follow on Google News

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर 'कार्तिकई दीपम' के अवसर पर 'दीपथून' (पत्थर के दीप स्तंभ) पर दीप जलाने को लेकर कानूनी और सियासी टकराव तेज हो गया है। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार ने 24 नवंबर 2026 के लिए दी गई एक बार की अंतरिम अनुमति के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की है। राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त द्वारा दायर यह याचिका 20 नवंबर को आए शीर्ष अदालत के आदेश को चुनौती देती है। आइए इस पूरे विवाद, अदालत के निर्देशों और सियासी आरोप-प्रत्यारोप को विस्तार से समझते हैं।

क्या है तिरुप्परनकुंड्रम दीपथून विवाद?

यह विवाद मदुरै की तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित 'दीपथून' नामक पत्थर के स्तंभ पर कार्तिकई दीपम का पारंपरिक दीप जलाने से जुड़ा है। राज्य सरकार का तर्क है कि कार्तिकई दीपम का दीप परंपरागत रूप से उचिपिल्लैयार मंदिर के पास 'दीपा मंडपम' में जलाया जाता रहा है, और विवादित पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर इसे जलाने की कोई स्थापित परंपरा नहीं है। दरगाह से महज 50 मीटर की दूरी: इस पूरे विवाद का सबसे संवेदनशील पहलू स्थल की भौगोलिक स्थिति है। जिस 'दीपथून' पर दीप जलाने की अनुमति मांगी गई है, वह पहाड़ी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर मौजूद है। यही निकटता इस मामले को केवल धार्मिक रीति-रिवाज तक सीमित न रखकर कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द से जोड़ देती है।

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को क्या आदेश दिया था?

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम पंचोली की पीठ ने 20 नवंबर 2026 को मद्रास हाईकोर्ट के फैसले की कुछ टिप्पणियों पर रोक लगाते हुए, त्योहार की निकटता को देखते हुए 24 नवंबर 2026 के लिए दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की विशेष अंतरिम व्यवस्था की अनुमति दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस व्यवस्था के साथ कई सख्त शर्तें भी जोड़ी थीं।

  • स्थल पर आम लोगों के जाने, जुलूस निकालने या किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई।
  • केवल मंदिर प्रशासन (देवस्थानम) के अधिकृत प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों को ही वहां जाने की इजाजत होगी।
  • व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए मदुरै के जिला कलेक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया और जरूरत पड़ने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तैनाती की अनुमति दी गई।
  • सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि 24 नवंबर की यह विशेष व्यवस्था किसी भी पक्ष के लिए कोई स्थायी अधिकार सृजित नहीं करेगी और न ही इसे भविष्य के आयोजनों के लिए एक नजीरमाना जाएगा। धार्मिक अधिकारों और परंपरा से जुड़े मूल कानूनी प्रश्नों पर विस्तृत सुनवाई जनवरी 2027 के लिए निर्धारित की गई है।

विजय सरकार पुनर्विचार याचिका लेकर क्यों पहुंची सुप्रीम कोर्ट?

सुप्रीम कोर्ट द्वारा इतनी सख्त शर्तें लगाने और इसे केवल एक बार की व्यवस्था बताने के बावजूद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की सरकार ने 20 नवंबर के आदेश पर पुनर्विचार करने की गुहार लगाई है। HR&CE विभाग द्वारा दायर याचिका में सरकार ने मुख्य रूप से दो ठोस दलीलें पेश की हैं।

1. परंपरा से छेड़छाड़ का अंदेशा

राज्य सरकार का मानना है कि जब कार्तिकई दीपम पारंपरिक रूप से दीपा मंडपम में जलाया जाता रहा है, तो दीपथून पर एक बार के लिए भी नई शुरुआत करने से स्थापित धार्मिक प्रथाओं में बदलाव का रास्ता खुल सकता है।

2.कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द का हवाला

सरकार ने अदालत के समक्ष यह चिंता जताई है कि दरगाह से महज 50 मीटर दूर स्थित विवादित स्तंभ पर दीप जलाने की प्रक्रिया से स्थानीय स्तर पर तनाव पैदा हो सकता है, जिससे कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।

सियासी पारा क्यों चढ़ा? भाजपा के तीखे आरोप

सरकार के इस कदम के बाद तमिलनाडु की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने TVK (तमिलगा वेट्री कझगम) सरकार पर हिंदू विरोधी रुख अपनाने और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए अन्य संगठन संयम बरत रहे हैं, तो सरकार पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की जल्दबाजी क्यों दिखा रही है। नागेंद्रन ने HR&CE विभाग की भूमिका पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जिसका काम मंदिर संपत्तियों की रक्षा करना है, क्या वह 'कंधार पहाड़ी' को 'सिकंदर पहाड़ी' में बदलना चाहता है।

निगाहें सुप्रीम कोर्ट पर टिकीं, क्या होगा फैसला?

अब सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट पर टिकी हैं कि क्या वह 24 नवंबर से पहले तमिलनाडु सरकार की पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई करते हुए अपने 20 नवंबर के अंतरिम आदेश में कोई बदलाव करता है या फिर सख्त सुरक्षा पहरे के बीच दीपथून पर दीप जलाने की व्यवस्था को बरकरार रखता है। वहीं, इस पूरे विवाद का स्थायी और कानूनी समाधान जनवरी 2027 में होने वाली मुख्य सुनवाई पर निर्भर करेगा, जहां यह तय होगा कि आस्था, परंपरा और प्रशासनिक संतुलन के बीच किसका पलड़ा भारी रहता है।

End of Article