शहर

Haridwar में अपने घर-द्वार का मौका, इस इलाके में बसाई जाएगी नई टाउनशिप

Haridwar News: धार्मिक नगरी के बांसोवाली में 89 एकड़ जमीन पर नई टाउनशिप बनाई जाएगी। इसमें फ्लैट, विला, पेंटहाउस, अस्पताल, स्कूल और व्यावसायिक सुविधाएं भी होंगी। यहां की जमीन डेवलपर को 90 साल की लीज पर मिलेगी।

Image

हरिद्वार में बनेगी नई टाउनशिप

अगर आप भी धार्मिक नगरी हरिद्वार में अपने घर का सपना देख रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। धर्मनगरी के बांसोवाली इलाके में 89 एकड़ जमीन पर नई आवासीय टाउनशिप बनाने की तैयारी चल रही है। इस परियोजना में सिर्फ मकान और फ्लैट ही नहीं, बल्कि विला, पेंटहाउस, सर्विस अपार्टमेंट और कॉमर्शियल भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा अस्पताल, स्कूल, डिस्पेंसरी और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। खास बात ये है कि इस टाउनशिप को विकसित करने के लिए जमीन निजी डेवलपर्स को 90 साल की लीज पर दी जाएगी।

यह परियोजना हरिद्वार के तेजी से बढ़ते शहरी और औद्योगिक क्षेत्र की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। सिडकुल में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ यहां दूसरे राज्यों से आने वाले कर्मचारियों और परिवारों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में ज्वालापुर, रानीपुर और बहादराबाद के आसपास एक व्यवस्थित आवासीय क्षेत्र विकसित होने से लोगों को रहने के नए विकल्प मिल सकते हैं। फिलहाल परियोजना के लिए डेवलपर्स के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

बांसोवाली में विकसित होगी टाउनशिप

सिडकुल (SIIDCUL) हरिद्वार के बांसोवाली में कुल 89 एकड़ यानी करीब 3.60 लाख वर्ग मीटर जमीन पर इंटीग्रेटेड मिक्स्ड यूज टाउनशिप विकसित करने की योजना बना रहा है। इसके लिए निजी कंपनियों और डेवलपरों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। चयनित कंपनी को 90 साल की लीज पर जमीन आवंटित की जाएगी। उसे अपने खर्च पर पूरी परियोजना का विकास करना होगा।

प्रस्तावित योजना में आवासीय क्षेत्र सबसे बड़ा हिस्सा होगा। लगभग 64.88 एकड़ जमीन पर ग्रुप हाउसिंग टावर, मध्यम और उच्च आय वर्ग के लिए मकान, सर्विस अपार्टमेंट, वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवास, विला और पेंटहाउस बनाए जा सकेंगे।

अस्पताल, स्कूल और बाजार के लिए भी जगह

हरिद्वार में बनने वाले इस टाउनशिप में सिर्फ रहने की व्यवस्था नहीं होगी, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भी जमीन निर्धारित की गई है। लगभग 6.23 एकड़ क्षेत्र में दुकानें और कॉमर्शियल स्टेब्लिशमेंट विकसित किए जाएंगे। वहीं, 17.89 एकड़ जमीन सार्वजनिक और अर्ध-सार्वजनिक सुविधाओं के लिए रखी गई है।

इसमें अस्पताल, डिस्पेंसरी, स्कूल, चाइल्ड केयर सेंटर, क्लब और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाएं शामिल हैं। आंतरिक सड़क, जल निकासी, बिजली और अन्य बुनियादी ढांचे का विकास भी परियोजना का हिस्सा होगा।

633 करोड़ रुपये से ज्यादा शुरुआती लीज प्रीमियम

इस परियोजना के लिए सिडकुल ने जमीन का शुरुआती लीज प्रीमियम 17583 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित किया है। इस दर के हिसाब से 89 एकड़ जमीन का बेस प्रीमियम करीब 633.31 करोड़ रुपये बैठता है। इच्छुक डेवलपरों को इससे ज्यादा की वित्तीय बोली लगानी होगी। चयनित कंपनी को जमीन 90 साल की लीज पर मिलेगी। इसका मतलब है कि जमीन का सीधा मालिकाना हक डेवलपर को नहीं दिया जाएगा।

निविदा के मुताबिक, बोली जमा करने की अंतिम तारीख 10 दिसंबर 2026 तय की गई है। चयनित डेवलपर को परियोजना पूरी करने के लिए तीन साल का समय दिया जाएगा। उसे छह महीने के भीतर विस्तृत लेआउट प्लान की मंजूरी के लिए संबंधित प्राधिकरण के सामने प्रस्तुत करना होगा।

पर्यावरणीय मंजूरी जरूरी

प्रस्तावित टाउनशिप इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एस्टेट (IIE) क्षेत्र में राजाजी नेशनल पार्क के करीब स्थित है। इसलिए परियोजना के विकास में पर्यावरणीय नियमों का पालन करना होगा। निर्धारित निर्माण क्षेत्र के अनुसार पर्यावरणीय मंजूरी लेना जरूरी होगा। इसके साथ ही फायर सेक्योरिटी और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों का पालन भी करना होगा।

परियोजना की जमीन की सीमा तक पेयजल, सीवर, बिजली, गैस और टेलीफोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध बताई गई हैं। हालांकि, टाउनशिप के अंदर इन सुविधाओं का नेटवर्क तैयार करने की जिम्मेदारी चयनित निजी डेवलपर की होगी।

सिडकुल-ज्वालापुर-रानीपुर के लोगों को होगा फायदा

बांसोवाली में प्रस्तावित इस टाउनशिप का फायदा सिडकुल, ज्वालापुर, रानीपुर और बहादराबाद के आसपास रहने वाले लोगों को मिल सकता है। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के अलावा हरिद्वार में बसने की इच्छा रखने वाले दूसरे राज्यों के लोगों के लिए भी यह एक नया आवासीय विकल्प बन सकता है।

हालांकि, अभी फ्लैट या प्लॉट की कीमत, बुकिंग की तारीख और आवंटन की शर्तों को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए इच्छुक खरीदारों को परियोजना के डेवलपर के चयन और आगे जारी होने वाली आधिकारिक घोषणाओं का इंतजार करना होगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article