इलेक्शन

Lok Sabha Election: 'अगर लोगों ने कमल का बटन दबाया तो मुझे फिर जेल जाना पड़ेगा' बोले केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान चांदनी चौक लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्यासी जेपी अग्रवाल और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से उम्मीदवार उदित राज के पक्ष में रोड शो किया।

Image

केजरीवाल ने मॉडल टाउन, चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में रोड शो निकाला

दिल्ली में लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को इंडिया गंठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए रोड शो कर जनता से समर्थन मांगा। केजरीवाल ने लोगों से कहा, 'अगर आप कमल का बटन दबाओगे तो मुझे जेल जाना पड़ेगा। अगर पंजे का बटन दबाओगे तो मैं बाहर ही रहूंगा।'

उन्होंने मॉडल टाउन, चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में रोड शो निकाला और उसके बाद जहांगीरपुरी, उत्तर-पश्चिमी लोकसभा इलाके में पहुंचे। चांदनी चौक में रोड शो के दौरान केजरीवाल ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'इन्होंने मुझे जेल भेज दिया, मेरा कसूर बस इतना था कि मैंने आपके बच्चों के लिए शानदार स्कूल बनाए। मैंने आपके इलाज के लिए मोहल्ला क्लीनिक बनाए। मैंने 24 घंटे बिजली फ्री कर दी।'

उन्होंने कहा, 'मैंने दिल्ली वालों के लिए मुफ्त में इलाज और दवा का इंतजाम कराया, लेकिन मुझे इन लोगों ने तिहाड़ जेल में डाला। इन्होंने वहां मेरा इंसुलिन बंद कर दिया। इन लोगों ने जेल में मुझे तोड़ने की पूरी कोशिश की। लेकिन, बजरंग बली के आशीर्वाद से मैं टूटा नहीं। अब ये लोग कह रहे हैं कि मुझे फिर से जेल जाना पड़ेगा। अगर जनता ने चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार जेपी अग्रवाल को वोट देकर विजयी बनाया तो मुझे जेल नहीं जाना पड़ेगा।'

उन्होंने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से साफतौर पर कहा कि दूसरे नंबर पर पंजे का निशान है। आपको झाड़ू का निशान नहीं मिलेगा, इस बार पंजे के निशान पर ही बटन दबाना। इसके बाद अरविंद केजरीवाल का काफिला प्रचार के लिए उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में जहांगीरपुरी पहुंचा। यहां भी केजरीवाल ने रोड शो करते हुए चांदनी चौक क्षेत्र में किए गए काम गिनाते हुए जनता से अपील की कि वे पंजे का बटन दबाएं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article