Lok Sabha Election 2024: बहुप्रतीक्षित गोड्डा लोकसभा सीट से इंडिया एलायंस के तहत कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा के बाद पार्टी के भीतर से विरोध के स्वर उठने लगे हैं। अब इसका असर भी दिखने लगा है। गोड्डा कांग्रेस कार्यालय में दीपिका पांडे सिंह को कांग्रेस प्रत्याशी बनाये जाने पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी कर नाराजगी जताई है। बता दें, बीते मंगलवार को कांग्रेस की दीपिका पांडे सिंह को गोड्डा सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया था।
गौरतलब है कि गोड्डा लोकसभा सीट से दीपिका पांडे का मुकाबला लगातार तीन बार से सांसद और बीजेपी प्रत्याशी निशिकांत दुबे से होने जा रहा है। महगामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह कथित कैश डिमांड कॉल को लेकर भी चर्चित रही थी पिछले दिनों जिले के कांग्रेस पदधिकारियों ने पार्टी अध्यक्ष खरगे को पत्र लिख प्रत्याशी बदलने को लेकर पुनर्विचार की मांग की थी।
बता दें कि प्रदीप यादव और दीपिका पांडे दोनों ही गोड्डा लोकसभा सीट से कांग्रेस का टिकट पाने के दावेदार थे। दोनों लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे थे और लोगों से मिल रहे थे। इस बीच मंगलवार को कांग्रेस की दीपिका पांडे सिंह को गोड्डा सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया। जिसके बाद कार्यकर्ता अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
