Bihar Elections 2025: बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाला है। इसे लेकर सभी दल अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। कांग्रेस इस चुनाव में अपनी खोई जमीन पाने को लेकर एड़ी-चोटी का परिश्रम कर रही है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) सहित कई राष्ट्रीय नेता लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं।
स्क्रीनिंग कमेटी का गठन
इस बीच, बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस ने स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है, जिसका चेयरमैन अजय माकन को बनाया गया है। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी एक प्रेस रिलीज में कहा गया है कि इस स्क्रीनिंग कमिटी में तीन सदस्य होंगे, जिसमें परिणीति शिंदे, इमरान प्रतापगढ़ी और कुणाल चौधरी शामिल हैं।
इसके अलावा सात पदेन सदस्य भी बनाए गए हैं, जिसमें बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारु, राजेश कुमार, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, देवेंद्र यादव, शाहनवाज आलम और सुशील कुमार पासी को शामिल किया गया है।
मिशन बिहार की रणनीति तैयार!
सनद रहे कि विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल कांग्रेस पार्टी राजद के साथ मिलकर लगातार रणनीति बना रही है। इसके तहत महागठबंधन में शामिल घटक दलों की लगातार बैठक हो रही है। इसके लिए एक समन्वय समिति बनाई गई है जिसके प्रमुख तेजस्वी यादव हैं।
इधर, कांग्रेस इस चुनाव में अधिक से अधिक सीट पर उम्मीदवार उतारना चाह रही है। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। बताया जाता है कि बिहार कांग्रेस 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में लड़ी गई सीटों को आधार बनाकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, सहयोगी दलों से सीटें लेने में पार्टी को परेशानी न हो, इसके लिए पार्टी ने संभावित लड़ी जाने वाली सीटों को विभिन्न श्रेणियों में बांटा है। पहली श्रेणी में वे सीटें हैं जहां 2015 और 2020 में उसके उम्मीदवार जीते थे। दूसरी श्रेणी में वे सीटें रखी गई हैं जहां पार्टी पिछले दो चुनावों में दूसरे स्थान पर रही थी।
