इलेक्शन

महाराष्ट्र में बिहार जैसे हालात: INDIA गठबंधन के प्रत्याशी के खिलाफ उतरा ये कांग्रेस नेता, निर्दलीय भरा पर्चा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 16, 2024, 06:48 AM IST

Maharashtra Lok Sabha Election: सांगली लोकसभा सीट के लिए इंडिया गठबंधन के अधिकारिक उम्मीदवार उद्धव ठाकरे गुट के चंद्रहार पाटिल थे, लेकिन कांग्रेस नेता विशाल प्रकाशबापू पाटिल ने उनके खिलाफ नामांकन दाखिल किया है। ये हालात बिहार की पूर्णिया सीट जैसे हैं, जहां गठबंधन प्रत्याशी राजद नेता बीमा भारती के खिलाफ कांग्रेस नेता पप्पू यादव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं।

Image

महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव

Photo : PTI

Maharashtra Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए महाराष्ट्र में भी बिहार जैसे हालात पैदा हो गए हैं। यहां भी कांग्रेस के एक नेता ने उद्धव ठाकरे गुट के प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय नामांकन कर दिया है। बता दें, सांगली लोकसभा सीट के लिए इंडिया गठबंधन के अधिकारिक उम्मीदवार उद्धव ठाकरे गुट के चंद्रहार पाटिल थे, लेकिन कांग्रेस नेता विशाल प्रकाशबापू पाटिल ने उनके खिलाफ नामांकन दाखिल किया है।

ये हालात बिहार की पूर्णिया सीट जैसे हैं। बिहार में पूर्णिया लोकसभा सीट इंडिया गठबंधन में हुए सीट बंटवारे के तहत राजद के पास गई है और यहां से बीमा भारती को प्रत्याशी बनाया गया है। हालांकि, कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर यहां से नामांकन कर दिया है।

वसंददादा पाटिल के पोते हैं विशाल पाटिल

विशाल पाटिल महाराष्ट्र के दिवंगत मुख्यमंत्री वसंतदादा पाटिल के पोते और पांच बार के अनुभवी सांसद प्रकाशबापू पाटिल के बेटे हैं। उनका मुकाबला अब सांगली में हैट्रिक लगाने की कोशिश में भाजपा के मौजूदा दो बार के सांसद संजयकाका पाटिल से होगा। विशाल पाटिल के समर्थकों ने दावा किया कि उन्हें अभी भी कांग्रेस से टिकट की उम्मीद है और उनके मंगलवार को नामांकन पत्र का दूसरा सेट दाखिल करने की संभावना है, हालांकि पार्टी अधिकारियों ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

सांगली से उम्मीदवार उतारना चाहती थी कांग्रेस

सांगली के पलुस-काडेगांव से कांग्रेस विधायक डॉ. विश्वजीत कदम, विशाल पाटिल और जिले के अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य शीर्ष नेताओं से कई बार मुलाकात की और जोर दिया कि कांग्रेस को सांगली से चुनाव लड़ना चाहिए। कदम-पाटिल की जोड़ी ने पिछले सप्ताह भी शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से सांगली सीट कांग्रेस के लिए छोड़ने का जोरदार अनुरोध किया था, लेकिन बाद में उन्होंने उनकी अपील ठुकरा दी। पिछले कुछ दिनों से सांगली में राजनीतिक सुगबुगाहट चल रही थी कि नाराज पार्टी कार्यकर्ता कुश्ती चैंपियन चंद्रहार पाटिल के लिए प्रचार नहीं करेंगे। इससे पहले, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और अन्य सहित राज्य कांग्रेस के नेताओं ने पिछले महीने सीट-बंटवारे की बातचीत के बीच में ही शिव सेना (यूबीटी) द्वारा सांगली सीट को एकतरफा 'हथियाने' पर आपत्ति जताई थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article