इलेक्शन

'Exit Poll में कुछ भी आए, राजस्थान में बनेगी कांग्रेस की सरकार', CM गहलोत का दावा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 30, 2023, 05:25 PM IST

Rajasthan Exit Poll Result 2023: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया है कि एग्जिट पोल में कुछ भी आए, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी। राजस्थान में 199 सीटों के लिए गत 25 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ। तीन दिसंबर को मतगणना होगी। गहलोत ने ये दावा एग्जिट पोल के नतीजे आने से ठीक पहले किया है।

Image

Exit Poll से पहले अशोक गहलोत का बड़ा दावा।

Photo : Times Now Digital

Rajasthan Chunav News: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बृहस्पतिवार को कहा कि चुनाव बाद सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) में कुछ भी आंकड़े दिखाए जाएं, लेकिन मुझे लगता है कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि राजस्थान में उनके नेतृत्व वाली कांग्रेस के खिलाफ सत्ता विरोधी माहौल नहीं है तथा भाजपा का ध्रुवीकरण का प्रयास सफल नहीं रहा, इसलिए हमारी जीत होगी।

गहलोत का दावा, राजस्थान में बनेगी कांग्रेस की सरकार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट करने का आरोप लगाया तथा यह दावा भी किया कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर ‘समझदार लोग’ विद्रोह करेंगे। राजस्थान में 199 सीटों के लिए गत 25 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ। तीन दिसंबर को मतगणना होगी। चुनाव नतीजों की संभावना से जुड़े सवाल पर गहलोत ने कहा, 'एग्जिट पोल कुछ भी आए, सटोरिये कुछ भी कह दें, मीडिया सर्वेक्षण में कुछ भी कहा जाए, मुझे लगता है कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी।' उन्होंने यह दावा भी किया कि पांच राज्यों में भाजपा कहीं भी नहीं जीत रही है।

राजस्थान चुनाव 2018 के एग्जिट पोल के नतीजे

राजस्थान में 2018 के विधानसभा चुनाव में 199 सीटों पर मतदान हुआ था। चुनाव के बाद जारी हुए एग्जिट पोल में राज्य में हर पांच साल में सत्ता बदलने के रिवाज को स्पष्ट दिखाया गया था। लगभग सभी एजेंसियों ने भाजपा सरकार जाने और कांग्रेस सरकार के गठन का अनुमान जताया था। आज तक-एक्सिस माय इंडिया ने कांग्रेस को 130 सीटें दी थीं तो भाजपा को 63 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। टाइम्स नाउ-सीएनएक्स ने कांग्रेस को 105, भाजपा को 85 सीटें दी थीं। रिपब्लिक-जन की बात के एग्जिट पोल में कांटेदार मुकाबला दिखाया गया था और भाजपा को 93 तो कांग्रेस को 91 सीटें दी गई थीं।

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 के नतीजे देखें

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 के नतीजों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। 199 सीटों पर हुए विधानसभा चुनावों में 100 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। जबकि भारतीय जनता पार्टी महज 73 सीटों पर सिमट गई। 13 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। बसपा ने 6 सीट, आरएलपी ने 3 सीट, सीपीआईएम ने 2 सीट, भारतीय ट्राइबल पार्टी ने दो और आरएलडी ने 1 सीट पर जीत हासिल की।

गहलोत ने पीएम मोदी पर लगाए गंभीर आरोप

अशोक गहलोत का कहना था, 'इस बार राजस्थान में जनता कांग्रेस की सरकार फिर से बनाएगी। यह पहली सरकार है जिसके खिलाफ सत्ता विरोधी माहौल नहीं है। मुख्यमंत्री के बारे में सबकी एक राय है, यहां तक कि भाजपा का वोटर भी कहेगा कि (मुख्यमंत्री ने) काम करने में कोई कमी नहीं रखी है।' गहलोत ने आरोप लगाया, 'प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और केंद्र के मंत्रियों, सभी ने डराने वाली, तनाव पैदा करने वाली भाषा बोली... ये लोग राजस्थान में सरकार गिराने में विफल रहे, यह दर्द उनके दिल में छिपा हुआ है। इसलिए उन्होंने यह योजना बनाई कि किसी भी तरह से राजस्थान में कांग्रेस की सरकार फिर नहीं बनने देना है।' उन्होंने कहा कि भाजपा का यह प्रयास सफल नहीं हुआ, इसलिए कांग्रेस की सरकार बनेगी।

सीएम का दावा, 'भाजपा के समझदार लोग करेंगे बगावत'

विधायकों एवं सांसदों से संबंधित एक अदालत द्वारा राहुल गांधी को समन किए जाने पर गहलोत ने कहा, 'राहुल जी पर जो लोग हमला बोल रहे हैं उनको 2024 में महंगा पड़ेगा। मोदी जी का प्रभाव अब वो नहीं रहा जो पहले होता था।' उन्होंने प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी के एक कथित बयान का हवाला देते हुए कटाक्ष किया, 'मोदी जी ने गुजरात में (2017 के चुनाव में) कहा था कि एक मारवाड़ी मुझे हराने के लिए आया है, मैं कहां जाऊंगा, मुझे जिताओ। अब दो गुजराती राजस्थान में आ गए, अब मैं कहता हूं कि भाइयों और बहनो मैं कहां जाऊंगा, मुझे जिताओ।' गहलोत ने कहा, 'मैं व्यक्तिगत रूप से किसी के खिलाफ नहीं हूं। मेरा मानना है कि लोकतंत्र में कार्यक्रम, नीतियों और सिद्धांतों के आधार पर चुनाव होना चाहिए।' गहलोत ने दावा किया, 'आज नहीं तो कल, भाजपा के समझदार लोग बगावत करेंगे। उन्हें बगावत करनी चाहिए। अगर बगावत नहीं करेंगे तो वो भी दोष के भागीदार होंगे।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article