Assam assembly polls- भारतीय जनता पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इसमें मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को जलुकबारी सीट से मैदान में उतारा गया है। भाजपा ने कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुए प्रद्युत बोरदोलोई को असम की दिसपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
कैबिनेट मंत्री जो अपनी वर्तमान सीटों से चुनाव लड़ेंगे, वे हैं गोलाघाट से अजंता नियोग, धेमाजी (एसटी) से शिक्षा मंत्री रनोज पेगु, डूमडूमा से रूपेश गोवाला, तिंगखोन से बिनल बोरा, जगीरोड (एससी) से पिजुष हजारिका, नलबाड़ी से जयंत मल्ला बरुआ, ढेकियाजुली से अशोक सिंघल, पाथरकांडी से कृष्णेंदु पॉल और लखीपुर से कौशिक राय।
इनकी सीटें बदली गईं
जिन लोगों के निर्वाचन क्षेत्र बदल गए हैं उनमें स्पीकर बिस्वजीत दैमारी को पैनेरी से तामुलपुर (एसटी), मंत्री चंद्रमोहन पटोवेरी को धर्मपुर से तिहू और रंजीत कुमार दास को पथाचारकुची से भवानीपुर-सोरभोग शामिल हैं। हाफलोंग (एसटी) का प्रतिनिधित्व करने वाली खेल मंत्री नंदिता गार्लोसा की जगह रूपाली लंगथासा को लिया गया है, जबकि बोकाजन (एसटी) का प्रतिनिधित्व करने वाली डिप्टी स्पीकर नुमल मोमिन की जगह सुरज्या रोंगफर को लिया गया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार शाम को पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा चुनाव समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे। भाजपा की असम इकाई के प्रमुख दिलीप सैकिया और मुख्यमंत्री भी बैठक में मौजूद थे। 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को होगी।
88 उम्मीदवारों की सूची
प्रद्युत बोरदोलोई के बेटे प्रतीक नहीं लड़ेंगे कांग्रेस टिकट पर चुनाव
वहीं, असम के सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के भाजपा में शामिल होने के बाद, उनके बेटे प्रतीक ने आगामी विधानसभा चुनावों में मार्गेरिटा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष और केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे पत्र में प्रतीक ने कहा कि वह पार्टी के सदस्य बने रहेंगे। प्रतीक ने पत्र में कहा कि अपने पिता के दूसरी पार्टी में शामिल होने के फैसले के बाद मार्गेरिटा से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना उनके लिए उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा, पार्टी के प्रति अत्यंत सम्मान और गहरी जिम्मेदारी की भावना के साथ, मैं मार्गेरिटा विधानसभा क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का निर्णय सूचित करना चाहता हूं। प्रतीक ने जोर देकर कहा कि वह पार्टी के लिए उस भूमिका में काम करना जारी रखेंगे जो नेतृत्व उचित समझेगा। उनके पिता, जो पांच दशकों से अधिक समय से कांग्रेस में थे, मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और अगले दिन भाजपा में शामिल हो गए।
असम में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव
चुनाव आयोग ने रविवार 15 मार्च को असम विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया था। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि असम में एक चरण में चुनाव होगा। 9 अप्रैल को राज्य में विधानसभा चुनाव होंगे जबकि 4 मई को मतगणना होगी। ज्ञानेश कुमार ने जानकारी दी कि असम में तकनीकी कारणों से SR या समरी रिवीजन हुआ। सभी पोलिंग स्टेशन की 100 फीसदी वेब कास्टिंग होगी।
असम में लगभग 2.25 करोड़ वोटर्स: चुनाव आयोग
ज्ञानेश कुमार ने कहा, मतदाताओं का संक्षिप्त विवरण देने के लिए, अंतिम सूची के अनुसार असम में लगभग 2.25 करोड़, केरल में 2.7 करोड़, पुडुचेरी में 9.44 लाख, तमिलनाडु में 5.67 करोड़ और पश्चिम बंगाल में 28 फरवरी को जारी अंतिम सूची में 6.44 करोड़ मतदाता हैं। न्यायाधीशों द्वारा अपने निर्णय के बाद जो भी पूरक सूची आएगी, उसे इसमें जोड़ दिया जाएगा।
