इलेक्शन

बीजेपी सांसद वीके सिंह और सत्यदेव पचौरी ने चुनाव लड़ने से खुद किया मना, आज BJP की पांचवीं लिस्ट संभव

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 24, 2024, 08:29 PM IST

जनरल वीके सिंह ने रविवार को कहा कि वह 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वी के सिंह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हैं और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दो बार सांसद रहे हैं।

Image

सांसद वीके सिंह और सत्यदेव पचौरी ने चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान

Photo : PTI

बीजेपी की पाचवीं लिस्ट के आने से पहले ही दो वर्तमान सांसदों ने लोकसभा चुनाव 2024 से दूरी बना ली है। कानपुर सांसद सत्यदेव पचौरी और गाजियाबाद सांसद वीके सिंह ने खुद ही घोषणा की है कि वो अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीं कहा जा रहा है कि बीजेपी लोकसभा उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट आज ही जारी कर सकती है।

वीके सिंह ने चुनाव लड़ने से किया मना

जनरल वीके सिंह ने रविवार को कहा कि वह 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वी के सिंह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हैं और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दो बार सांसद रहे हैं। वीके सिंह केंद्र में मंत्री भी हैं।

क्या बोले वीके सिंह

वीके सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने की जानकारी दी है। वीके सिंह ने लिखा- "मैंने सैनिक के रूप में इस राष्ट्र की सेवा में अपना सारा जीवन समर्पित किया है। पिछले 10 वर्षों से, मैंने गाजियाबाद को एक विश्व स्तरीय शहर बनाने के सपने को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है। इस यात्रा में, देश और गाजियाबाद के नागरिकों के साथ-साथ भाजपा के सदस्यों का जो विश्वास और प्रेम मुझे प्राप्त हुआ है, उसके लिए मैं आभारी हूं। यह भावनात्मक बंधन मेरे लिए अमूल्य है। इन भावनाओं के साथ, मैंने एक कठिन, परंतु विचारपूर्ण निर्णय लिया है। मैं 2024 के चुनावों में नहीं लड़ूंगा। यह निर्णय मेरे लिए आसान नहीं था, परंतु मैंने इसे अपने दिल की गहराइयों से लिया है। मैं अपनी ऊर्जा और समय को नई दिशाओं में ले जाना चाहता हूं, जहां अपने देश की सेवा अलग तरीके से कर सकूं। इस यात्रा में आपके साथी रहने के लिए मैं आप सब को दिल से धन्यावाद देता हूँ। आपके प्यार, समर्थन और विश्वास ने मुझे हमेशा प्रेरित किया है। आगे भी, मैं देश और सब नागरिकों के प्रति अपनी सेवा जारी रखूंगा, बस एक नए रूप में।"

सत्यदेव पचौरी ने चुनाव लड़ने से किया मना

कानपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद सत्यदेव पचौरी ने रविवार को आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने में अनिच्छा व्यक्त करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को इससे अवगत करा दिया। पचौरी ने नड्डा को संबोधित एक पत्र में कहा- "आपसे विनम्र अनुरोध है कि फिलहाल मैं 2024-लोकसभा चुनाव में कानपुर सीट पर चुनाव लड़ने का इच्छुक नहीं हूं। ऐसे में मेरे नाम पर चर्चा नहीं की जानी चाहिए। मैं पार्टी का एक वफादार कार्यकर्ता हूं और पार्टी द्वारा दिया गया काम करता रहूंगा।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article