इलेक्शन

'1 करोड़ नौकरी देंगे, तो जमीन कितनी लेंगे?', तेजस्वी यादव के वादे पर जानें किस-किसने ली चुटकी

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 13, 2024, 02:32 PM IST

NDA Slams RJD: लालू यादव की पार्टी आरजेडी ने अपने घोषणापत्र में एक करोड़ सरकारी नौकरी देने का वादा किया तो भाजपा समेत एनडीए में शामिल पार्टियों ने तेजस्वी की खिल्ली उड़ाई है। सम्राट चौधरी ने तो ये कह दिया कि 1 करोड़ नौकरी देंगे, तो जमीन कितनी लेंगे? नीचे पढ़ें किसने क्या कहा।

Image

RJD के 'परिवर्तन पत्र' पर NDA ने कसा तंज

Photo : Times Now Digital

Lok Sabha Election 2024: तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनता दल के घोषणापत्र को जारी करते हुए एक करोड़ बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया तो भाजपा समेत एनडीए में शामिल पार्टियों ने लालू यादव की पार्टी की तीखा तंज कसते हुए जमकर खिल्ली उड़ाई। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जदयू नेता नीरज कुमार, चिराग पासवान और जीतनराम मांझी ने आरजेडी पर पलटवार किया है।

सम्राट चौधरी ने पूछा- जमीन कितनी लेंगे?

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने राजद के घोषणा पत्र पर पर तंज कसते हुए कहा कि इसमें 1 करोड़ नौकरी देने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि 1 करोड़ नौकरी देंगे, तो जमीन कितनी लेंगे? तेजस्वी यादव के घोषणापत्र पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ये सिर्फ एक करोड़ नौजवानों को सपना दिखा सकते हैं और तेजस्वी यादव से पूछा जाना चाहिए कि एक करोड़ लोगों को रोजगार देंगे तो जमीन कितनी लेंगे।

चिराग पासवान ने कहा- बिहार की जनता जानती है

लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और सांसद चिराग पासवान ने कहा कि बिहार की जनता जानती है कि राजद के लोग किस तरीके से नौकरी देते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छी बात है कि तेजस्वी नौकरी की बात कर रहे हैं, लेकिन उनको यह बताना चाहिए कि यदि यह लोग सही मायने में एक करोड़ लोगों को नौकरी दे सकते हैं तो एक लंबे समय तक इन्हीं के परिवार के लोग सत्ता में रहे हैं, क्यों नहीं दिया। इतना ही नहीं, यह बात तो हर कोई जानता है कि इन लोगों ने कैसे लोगों को नौकरियां दी हैं।

जीतन राम मांझी ने 'परिवर्तन पत्र' की उड़ाई खिल्ली

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक और गया से प्रत्याशी जीतन राम मांझी ने राजद के घोषणा पत्र की खिल्ली उड़ाते हुए एक्स पर लिखा कि इसमें शायद कुछ बातें छूट गई हैं, जो निम्नलिखित है...भारत में अमेरिका का विलय करेंगे, सूरज पश्चिम से उगाएंगे, समुद्र के पानी को मीठा बना देंगें, पहाड़ हवा में उड़ेगा। अब जब तेजस्वी यादव को पता है कि उनकी सरकार बन ही नहीं रही तो वह कुछ भी घोषणा कर सकते हैं।

राजद पर जेडीयू ने किया कटाक्ष, वादे पर उठाए सवाल

JDU के मुख्य प्रवक्ता और बिहार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने राजद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि खुद तो 23 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं और राष्ट्रीय संदर्भ का घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं, पूरे देश का राजनीतिक एजेंडा सेट कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि 23 सीट पर चुनाव लड़ने वाली पार्टी राजद के नेता इतना भी नहीं कर सके कि अपनी सहयोगी पार्टियों के नेताओं को इस मौके पर बुलाकर बगल में बैठा लेते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संतरा खा रहे हैं और छिलका सहयोगी को दे रहे हैं और छिलके का रस अपनी आंख में डाल रहे हैं।

RJD ने एक करोड़ सरकारी नौकरी देने का किया है वादा

अपने घोषणापत्र में आरजेडी ने एक करोड़ लोगों को नौकरी देने की बात कही है। राजद के परिवर्तन पत्र में जनता से 24 वादे किए गए हैं। तेजस्वी यादव ने बिहार की राजधानी पटना में घोषणापत्र जारी करने के दौरान कहा ‘हमने आज परिवर्तन पत्र जारी किया है, हम 2024 के चुनावों के लिए 24 वचन लेकर आए हैं। बिहार के विकास के लिए आज हम जो भी वादा करेंगे उसे पूरा करेंगे।’ बता दें, लोकसभा चुनाव 2019 में आरजेडी के खाते में एक भी सीट नहीं आई थी, सभी सीटों पर उसे हार झेलनी पड़ी थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article