Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के दूसरे फेज का मतदान 11 नवंबर को होना है। राज्य में अब दूसरे चरण के लिए प्रचार भी आज शाम से थम गया। अब बारी बिहार की आधी आबादी की है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए की जीत का पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि एनडीए इस समय 70 प्रतिशत पर है, जबकि बाकी दल सिर्फ 30 प्रतिशत पर हैं।
चौबे ने बिहार की जनता से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि एनडीए सरकार भारी बहुमत से बनेगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद एक बार फिर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे।
PM और बिहार CM की कोई वैकेंसी नहीं है: अमित शाह
वहीं, सासाराम में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ये लालू-राबड़ी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, और सोनिया जी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। मैं दोनों को कहना चाहता हूं, न लालू जी का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा, और न ही सोनिया जी का बेटा प्रधानमंत्री बनेगा। पटना में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नीतीश जी हैं, और दिल्ली में प्रधानमंत्री की कुर्सी पर मोदी जी हैं। कोई वैकेंसी नहीं है, इसलिए निरर्थक प्रयास मत कीजिए!
ईवीएम की गूंज इटली तक सुनाई दे: अमित शाह
अमित शाह ने मतदाताओं से अपील की, “राजग उम्मीदवारों के पक्ष में ईवीएम का बटन इतनी ताकत से दबाइए कि उसकी गूंज इटली तक सुनाई दे।” राजद प्रमुख लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तुलना करते हुए शाह ने कहा, “लालू जी चारा घोटाले सहित कई भ्रष्टाचार मामलों में दोषी हैं, जबकि नीतीश कुमार पिछले 20 वर्षों से सत्ता में रहते हुए भी भ्रष्टाचार के किसी आरोप से अछूते हैं।” भाषा कैलाश रंजन
