Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में 111 नेताओं के नाम शामिल हैं। कई मौजूदा सांसदों को टिकट मिला है तो कई मौजूदा सांसदों का टिकट कटा भी है। भाजपा की इस लिस्ट में दो चौंकाने वाले नाम शामिल हैं। दोनों ही एक्टिंग की दुनिया से ताल्लुक रखते हैं। इनमें एक नाम छोटे पर्दे के अभिनेता अरुण गोविल का है, तो दूसरा बॉलीवुड स्टार और कॉन्ट्रोवर्सी क्वीन कंगना रनौत का है।
भाजपा ने मेरठ से अरुण गोविल को उतारा
रामायण टीवी सीरियल में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल को भाजपा ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर वर्ष 2014 से राजेंद्र अग्रवाल सांसद थे। भाजपा ने मेरठ सांसद का टिकट काटकर गोविल पर पर भरोसा जताया है। राम मंदिर के मुद्दे को देखते हुए भाजपा का ये कदम मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है।
अभिनेत्री कंगना रनौत को मंडी से टिकट
बीजेपी ने इस बार बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को भी चुनावी मैदान में उतार दिया है। कंगना रनौत को बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश के मंडी से टिकट दिया है। बता दें इस सीट पर फिलहाल प्रतिभा सिंह सांसद हैं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के रामस्वरूप शर्मा ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। हालांकि 2021 के उपचुनाव में प्रतिभा सिंह ने भाजपा के ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर को करीब 9 हजार वोटों से शिकस्त दी थी।
भाजपा की पांचवी लिस्ट की अहम बातें
भाजपा की 5वीं सूची में कई दिग्गजों का टिकट कट गया है। उत्तर प्रदेश का जिक्र करें तो पीलीभीत से वरुण गांधी की टिकट कट गया है। यूपी से बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्या और संतोष गंगवार का भी टिकट कट गया है। वहीं बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह को एक बार फिर से बीजेपी ने बेगुसराय से टिकट दिया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद एक बार फिर से बिहार के पटना साहिब सीट से उम्मीदवार बनाए गए हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का बक्सर से टिकट गया है।
