शहर

बेगूसराय लोकसभा चुनावः BJP के फायरब्रांड और CPI के दिग्गज के बीच कड़ी टक्कर, कौन बनेगा 'लेनिनग्राद' का किंग?

Begusarai Lok Sabha Election: 'पूरब का लेनिनग्राद' से मशहूर बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट पर इस बार भाजपा के गिरिराज सिंह और सीपीआई के अवधेश राय के बीच कड़ी टक्कर है। गिरिराज सिंह वर्तमान में बेगूसराय के सांसद हैं और अवधेश राय सीपीआई के पूर्व विधायक रह चुके हैं।

Image

फाइल फोटो।

Photo : Times Now Digital

Begusarai Lok Sabha Election: बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट (Begusarai Lok Sabha Seat) पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। इसे बिहार का लेनिनग्राद कहा जाता है। इसके पीछे कारण ये है कि यहां लेफ्ट का अच्छा खासा दबदबा है। हालांकि, वर्तमान में बेगूसराय से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) सांसद हैं और इस बार भी बेगूसराय से वही चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के उम्मीदवार अवधेश राय से है। अवधेश राय (Awadhesh Rai) महागठबंधन के प्रत्याशी हैं। बेगूसराय लोकसभा सीट की गिनती देश की हॉट सीटों में होती है। यह सीट भूमिहार बाहुल्य है और भूमिहार ही यहां के निर्णायक वोटर माने जाते हैं। इस सीट पर भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) भूमिहार जाति से आते हैं। वहीं, अवधेश राय यादव जाति से हैं। इस सीट पर इन्हीं दोनों उम्मीदवारों के बीच लड़ाई देखी जा रही है। बता दें कि बेगूसराय में चौथे चरण में 13 मई को चुनाव हुआ था और अब चार जून का इंतजार है, जब पता चलेगा कि बेगूसराय की जनता ने अपना आशीर्वाद किसे दिया है।

बेगूसराय लोकसभा सीट से उम्मीदवार कौन-कौन हैं?

बेगूसराय लोकसभा सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री और वर्तमान सांसद गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) को टिकट दिया है। वहीं, महागठबंधन में सीट बंटवारे में ये सीट सीपीआई के पास गई और सीपीआई ने यहां से पूर्व विधायक अवधेश राय (Awadhesh Rai) को टिकट दिया है। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की पार्टी बसपा ने चंदन कुमार दास को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा बेगूसराय लोकसभा सीट से कई अन्य उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे थे। इनमें कई अन्य पार्टियों के उम्मीदवार शामिल हैं और कई उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़े हैं।

  • गिरिराज सिंह- भाजपा
  • अबधेश कुमार राय- सीपीआई
  • चंदन कुमार दास- बसपा
  • राज कुमार साह- एबीएचपीपी
  • रामुदगर- एसयूसीआई
  • रजनीश कुमार मुखिया- आरजेएसबीपी
  • राम बदन राय- केपीजेडी
  • अरुण कुमार- निर्दलीय
  • इंद्रजीत कुमार राय- निर्दलीय
  • मोहम्मद शाहनवाज हसन- निर्दलीय

गिरिराज सिंह

गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) फिलहाल बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से सांसद हैं। वह वर्तमान में केंद्रीय मंत्री भी हैं। उन्हें पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन विभाग का मंत्रालय मिला हुआ है। गिरिराज सिंह ने 2019 में जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रहे कन्हैया कुमार को हराया था। गिरिराज सिंह ने चार लाख 22 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी। इससे पहले गिरिराज सिंह 2014 में नवादा लोकसभा सीट से जीत दर्ज कर संसद पहुंचे थे। गिरिराज सिंह की राजनीतिक करियर की बात करें तो वह 2002 में बिहार विधान परिषद के सदस्य बने थे। इसके बाद 2014 तक बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे। इस दौरान नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री भी रहे। 2014 में भाजपा ने उन्हें नवादा से टिकट दिया और वह पहली बार नवादा से सांसद चुने गए थे। संसद पहुंचने के बाद उन्हें 2017 में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का जिम्मा मिला। इसके बाद उन्हें 2019 में बेगूसराय से टिकट दिया गया, जहां से वह चुनाव जीते।

अवधेश राय

अवधेश कुमार राय (Awadhesh Rai) सीपीआई के टिकट पर बेगूसराय से चुनाव लड़े हैं। वह पूर्व विधायक रह चुके हैं। अवधेश राय ने 1990 से 2000 तक बछवाड़ा विधानसभा सीट का नेतृत्व किया है। इसके बाद 2000 में उन्हें राजद के उत्तम कुमार यादव से हार का सामना करना पड़ा। उत्तम कुमार ने उन्हें महज 464 वोटों से हराया था। इसके बाद 2005 बिहार विधानसभा चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा। हालांकि, 2010 में उन्हें जीत मिल गई थी। 2010 बिहार विधानसभा चुनाव में बछवाड़ा सीट से विधायक बने थे। उस वक्त पूरे बिहार में वह सीपीआई के एकमात्र विधायक थे। इसके बाद सीपीआई ने उन्हें इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में बेगूसराय से अपना उम्मीदवार बनाया।

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article