Chapra Assembly Seat RJD Candidate Bhojpuri Star Khesari Lal Yadav Property: बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सबसे लोकप्रिय बोली भोजपुरी के सबसे प्रसिद्ध गायकों और अभिनेताओं में से एक खेसारी लाल यादव और उनकी पत्नी राजनीति के मैदान पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ उतर गए हैं। भोजपुरी सुपरस्टार फिल्मों के बाद अब बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी हिस्सेदारी के लिए छपरा विधानसभा सीट को चुना है। खेसारी का पूरा नाम शत्रुघ्न यादव भी है, जो 24.81 करोड़ रुपये की चल व अचल संपत्ति के मालिक हैं, ये बात उन्होंने हलफनामे में बताया है। फिलहाल, उन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया है, अब अपने अंदाज में चुनावी प्रचार करते नजर आएंगे।
राजद के हुए खेसारी लाल यादव
पिछले दिनों राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पर विधानसभा में निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दंपति के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की थी। बिहार के सारण जिले की छपरा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार भोजपुरी अभिनेता शत्रुघ्न यादव उर्फ खेसारी लाल यादव के हलफनामे के अनुसार उनके पास 24.81 करोड़ रुपये की चल व अचल संपत्ति है।
बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की सबसे लोकप्रिय बोली भोजपुरी के सबसे प्रसिद्ध गायकों व अभिनेताओं में से एक यादव को राजद ने पार्टी में शामिल होने के एक दिन बाद इस सीट से उम्मीदवार बनाया। यादव की पत्नी चंदा भी iगुरुवार को पटना में पार्टी में शामिल हुईं। शुक्रवार को चुनाव अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करते समय एक हलफनामे में यादव ने बताया कि उनके पास 16.89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 7.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।
खेसारी की पत्नी भी करोड़पति
यादव की पत्नी के पास 90.02 लाख रुपये की चल संपत्ति और 6.49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। पहली बार चुनाव लड़ रहे गायक ने कहा, "मेरा दिल हमेशा राजद के साथ रहा है। छपरा में पहले चरण में छह नवंबर को मतदान होगा। हलफनामे के अनुसार, भोजपुरी अभिनेता के पास पांच लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास दो लाख रुपये नकदी है। यादव के पास कई बैंक खाते और 35 लाख रुपये के सोने के आभूषण हैं। हलफनामे के अनुसार, यादव की चल संपत्ति में तीन करोड़ रुपये की एक लग्जरी कार शामिल है।
खेसारी लाल यादव ने कितनी फिल्में बनाई हैं?
यादव ने लगभग 100 फिल्मों में काम किया है और 5,000 से अधिक भोजपुरी गीत गाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पिता मंगरू यादव शुरुआत में सुबह में एक रेहड़ी-पटरी वाले के रूप में और रात में एक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे। यादव का दावा है कि वह बचपन में मवेशी चराते और उनका दूध बेचते थे। उन्होंने कहा है कि बाद में, वह दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने अपने माता-पिता और पत्नी के साथ 'लिट्टी-चोखा' बेचना शुरू किया।
खेसारी लाल यादव का नया गाना
राजद में एंट्री के बाद खेसारी लाल यादव अब अपने लेटेस्ट सॉन्ग से धमाल कर रहे हैं। उनका नया गाना "जियो-जियो खेसारी" रिलीज हो गया है। खेसारी लाल यादव को टैग करते हुए रॉकेट रील ने नए गाने की झलक डाली है, जिसमें खेसारी को एआई की मदद से फिल्माया गया है। गाने के बोल भी बहुत धाकड़ हैं, जिसमें कहा गया है- "जब अन्याय सिर उठाता है तो मैं दीवार बन जाता हूं, और जब अपने रोते हैं तो मैं हथियार बन जाता हूं।" छोटे से सॉन्ग क्लिप में खेसारी को भगवान शिव के सामने आराधना करते दिखाया गया है और उनका अलग ही स्वैग देखने को मिल रहा है। सॉन्ग को जोश, ताकत और भावनाओं का मेल बताया गया है।
