बिहार में इस बार दो चरणों में होगी वोटिंग। तस्वीर-PTI
Bihar Assembly Election 2025 : बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव आयोग ने सोमवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। इन सभी सीटों पर मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में छह नवंबर को विधानसभा की 121 सीटों पर मतदान होगा जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव नतीजों की घोषणा 14 नवंबर को होगी। पहले चरण में कई सीटें राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। बिहार में मुख्य मुकाबला एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच है लेकिन प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज पर भी लोगों की नजरें लगी हैं। सीमांचल में एआईएमआईएम भी कड़ी चुनौती पेश कर सकती है। नीचे कुछ प्रमुख सीटों, और उनके वर्तमान विधायकों और पार्टियों के नाम दिए गए हैं
राघोपुर — राष्ट्रीय जनता दल (राजद) — तेजस्वी प्रसाद यादव
बेगूसराय — भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) — कुंदन कुमार
खगड़िया — कांग्रेस — छत्रपति यादव
उजियारपुर — राष्ट्रीय जनता दल (राजद) — आलोक कुमार मेहता
लखीसराय — भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) — विजय कुमार सिन्हा
हिलसा — जनता दल (यूनाइटेड) — कृष्णमुरारी शरण
नालंदा — जनता दल (यूनाइटेड) — श्रवण कुमार
बाढ़ — भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) — ज्ञानेंद्र कुमार सिंह
पटना साहिब — भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) — नंद किशोर यादव
आरा — भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) — अमरेन्द्र प्रताप सिंह
शाहपुर — राष्ट्रीय जनता दल (राजद) — राहुल तिवारी
बक्सर — कांग्रेस — संजय कुमार तिवारी
पहले चरण के मतदान में इन सीटों पर मुकाबला खासा दिलचस्प रहने की उम्मीद है, क्योंकि इनमें से कई सीटों पर राज्य के प्रमुख नेताओं और मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
दूसरे चरण में राज्य की 122 विधानसभा सीट पर मतदान होगा, जिनमें कई राजनीतिक रूप से अहम सीट शामिल हैं।
1-वाल्मीकिनगर: जनता दल यूनाइटेड (जदयू)- धीरेंद्र प्रताप सिंह
2-करगहर: कांग्रेस- संतोष कुमार मिश्रा
3-करकट: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)- मार्क्सवादी-लेनिनवादी (लिबरेशन)- अरुण सिंह
4-बेतिया: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-रेणु देवी
5-मोतिहारी: भाजपा- प्रमोद कुमार
6-इमामगंज: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर)-दीपा कुमारी
7-सीतामढ़ी: भाजपा- मिथिलेश कुमार
8-मधुबनी: राष्ट्रीय जनता दल (राजद)- समीर कुमार महासेठ
9-झंझारपुर: भाजपा-नितीश मिश्रा
10-अररिया: कांग्रेस- अबिदुर रहमान
11-किशनगंज: कांग्रेस-इजहारुल हुसैन
12-पूर्णिया: भाजपा- विजय कुमार खेमका
दूसरे चरण में इन सीट पर सत्तारूढ़ राजग और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के कुछ घंटे बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विनोद सिंह गुंजियाल ने सोमवार को कहा कि राज्य चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। सिंह ने पत्रकारों से कहा, 'चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।' उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 13,911 शहरी और 76,800 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं, प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 818 मतदाता होंगे।
उन्होंने कहा कि जिन केंद्रों पर पहले 1,200 से अधिक मतदाता थे, वहां मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए जाने हैं।
सीईओ ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 292 मतदान केंद्र दिव्यांगजन, 1,044 केंद्र महिलाएं और 38 केंद्र युवा संचालित करेंगे। इसके अलावा लगभग 1,350 आदर्श मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां आदर्श चुनाव पद्धतियां प्रदर्शित की जाएंगी। सीईओ ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लगभग 4.5 लाख कर्मी तैनात रहेंगे। सभी रिटर्निंग अधिकारी (आरओ), पुलिस और प्रवर्तन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदाता सूचना पर्चियां मतदान की तारीख से चार दिन पहले वितरित की जाएंगी ताकि मतदाताओं को अपने बूथ तक पहुंचने में सुविधा हो।
गुंजियाल ने बताया कि लोग चुनाव से जुड़ी जानकारी और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बिहार में कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 14.01 लाख प्रथम बार वोट डालने वाले मतदाता और 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 1.63 करोड़ मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 10.16 लाख वरिष्ठ नागरिक, 1.63 लाख सेवा मतदाता और 3.49 करोड़ महिला मतदाता हैं।
निर्वाचन आयोग की डिजिटल पहलों में मतदान के दौरान हर समय मतदाताओं की उपस्थिति की जानकारी, डिजिटल इंडेक्स कार्ड, अनिवार्य वीवीपैट, और मोबाइल जमा केंद्र शामिल हैं। अब तक चार लाख से अधिक लोगों ने ईवीएम जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार किसी मतदान केंद्र को स्थानांतरित नहीं किया जाएगा और मतदान सामग्री के परिवहन में हेलीकॉप्टरों का उपयोग नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आचार संहिता (एमसीसी) सोमवार से प्रभावी हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें चुनाव से जुड़ी सभी छोटी बड़ी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। भारत के चुनाव (Elections) अपडेट और विधानसभा चुनाव के प्रमुख समाचार पाएं Times Now Navbharat पर सबसे पहले ।