इलेक्शन

Bihar Election Result: गजबे हो गया! सिर्फ 27 वोटों से मिली जीत; कौन हैं JDU के ये उम्मीदवार?

Bihar Election Result: जिले के संदेश विधानसभा क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी राधाचरण साह केवल 27 वोट से चुनाव जीत गए हैं। 28 राउंड की मतगणना के दौरान कई बार मामला आगे-पीछे होता रहा। हालांकि, मतगणना शुरू होने के बाद अधिकांश समय राष्ट्रीय जनता दल के दीपू सिंह आगे रहे, लेकिन अंतिम के चार-पांच चरणों में जदयू प्रत्याशी ने अच्छी रिकवरी की।

Image

दयू प्रत्याशी राधाचरण साह (Radha Charan Sah) केवल 27 वोट से चुनाव जीत गए।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ डिजिटल)

Bihar Election Result: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड जीत मिली है। बीजेपी को 89 तो जेडीयू को 85 सीटें मिली। जेडीयू के 85 विजेता उम्मीदवारों में से एक ऐसा उम्मीदवार भी है, जिसने 27 वोटों के अंतर से जीत हासिल कर ली। जिले के संदेश विधानसभा क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी राधाचरण साह (Radha Charan Sah) केवल 27 वोट से चुनाव जीत गए हैं।

28 राउंड की मतगणना के दौरान कई बार मामला आगे-पीछे होता रहा। हालांकि, मतगणना शुरू होने के बाद अधिकांश समय राष्ट्रीय जनता दल के दीपू सिंह आगे रहे, लेकिन अंतिम के चार-पांच चरणों में जदयू प्रत्याशी ने अच्छी रिकवरी की। 28 में राउंड की मतगणना के बाद राजद यहां से 36 मतों से आगे था। उसमें पोस्टल बैलट जोड़े गए तो जदयू प्रत्याशी 27 वोटों से आगे हो गए।

राधाचरण साह को कुल 80,598 वोट मिले, जबकि दीपू सिंह 80,571 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार राजीव रंजन राज उनसे 74,000 से ज्यादा वोटों के बड़े अंतर से पीछे रहे।

जीतनराम मांझी की पार्टी को मिली पांच सीटें

निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा 89 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसकी सहयोगी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू ने 85 सीट जीती हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 19 सीट मिली हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने पांच सीट जीतीं, जबकि उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीट जीतीं।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, और राज्य मंत्री प्रेम कुमार, महेश्वर हजारी और संजय सरावगी, और भाजपा की मैथिली ठाकुर राजग खेमे से प्रमुख विजेताओं में शामिल हैं।

आरजेडी के इन दिग्गज नेताओं को मिली जीत

राजद नेता और ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शाहाब और भाकपा (माले) लिबरेशन के संदीप सौरव विपक्षी खेमे से प्रमुख विजेताओं में शामिल हैं। तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट से भाजपा के सतीश कुमार को 14,532 मतों के अंतर से हराया। ‘इंडिया’ गठबंधन को केवल 34 सीट मिलीं। राजद को 25 सीट मिलीं, जबकि कांग्रेस को छह, भाकपा (माले) लिबरेशन को दो और माकपा को एक सीट मिली।

हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम ने पांच सीट जीतीं, जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी को एक-एक सीट मिली। भाजपा और जदयू ने 101-101 सीट पर चुनाव लड़ा था, जबकि उनकी सहयोगी लोजपा (रालोद) ने 28 सीट पर उम्मीदवार खड़े किए थे। ‘इंडिया’ गठबंधन में, राजद ने 141 सीट पर चुनाव लड़ा, जबकि कांग्रेस ने 61 और भाकपा(माले) लिबरेशन ने 20 सीट पर चुनाव लड़ा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article