Pawan Singh Y+ Security News: खुफिया रिपोर्टों में भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह को खतरों की आशंका जताए जाने के मद्देनजर उन्हें 'Y' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की VIP सुरक्षा शाखा को यह कार्य सौंपा गया है।
उन्होंने बताया कि 39 वर्षीय सिंह को केंद्रीय गृह मंत्रालय की सिफारिश पर उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रदान की गई है। मंत्रालय ने बिहार विधानसभा चुनावों से पहले सिंह को संभावित खतरों पर एक खुफिया रिपोर्ट का संज्ञान लिया था।
बिहार में चुनाव कब?
बिहार में सिंह के आवागमन के दौरान लगभग चार सशस्त्र कमांडो उनकी सुरक्षा में रहेंगे। राज्य में 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा।
पवन सिंह की अमित शाह से मुलाकात
कुछ दिन पहले, सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और भाजपा के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की, जिससे ये अटकलें तेज हो गईं कि चुनाव से पहले उनके बीच सुलह हो सकती है।
पवन सिंह और भाजपा का प्यार
गायक को पहली बार भाजपा ने 2024 के आम चुनाव में पश्चिम बंगाल के आसनसोल निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा था। पार्टी ने उनसे यह आरोप लगने के बाद टिकट वापस करने को कहा था कि उनके संगीत वीडियो और गीतों में बंगाली महिलाओं को अश्लील तरीके से दिखाया गया है। अब जहां बिहार चुनाव आते आते दोबारा वे भाजपा में शामिल हो गए हैं। वहीं, भाजपा नेताओं ने कहा कि वे भाजपा से कभी बाहर ही नहीं गए थे।
केंद्रीय सुरक्षा सूची के अंतर्गत VIP सुरक्षा घेरा उच्चतम जेड-प्लस (ASL) से शुरू होकर जेड-प्लस, जेड, वाई-प्लस, वाई और X तक होता है।
Y श्रेणी सुरक्षा क्या है?
Y श्रेणी सुरक्षा सरकार द्वारा निर्धारित एक सुरक्षा स्तर है जो उन व्यक्तियों के लिए है जिन्हें जान का जोखिम हो सकता है। इस सुरक्षा श्रेणी में 8 से 11 सदस्यों की एक टीम शामिल होती है, जिसमें 2 से 4 कमांडो, निजी सुरक्षा अधिकारी और सशस्त्र पुलिसकर्मी शामिल होते हैं।
यह टीम व्यक्ति की गहन सुरक्षा और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करती है। अधिकारी, सार्वजनिक हस्तियों, राजनेताओं, व्यावसायिक नेताओं और मशहूर हस्तियों के जीवन की रक्षा के लिए Y श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाती है।
सुरक्षा का यह स्तर मध्यम से गंभीर खतरे वाले लोगों के लिए एक संरचित सुरक्षा प्रणाली प्रदान करता है। इस टीम में कमांडो, निजी सुरक्षा अधिकारी और सशस्त्र पुलिसकर्मी सहित कई कर्मी शामिल होते हैं। ये लोग यात्रा के दौरान रहते हैं, वाहनों को सुरक्षित करते है और गहन सुरक्षा प्रदान करते हैं। बता दें कि Y स्तर की सुरक्षा की तुलना में Y+ उच्च सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करती है। इससे ऊपर Z और Z+ स्तरों की सुरक्षा होती है।
Y+ सुरक्षा के लिए कौन पात्र है?
Y+ सुरक्षा किसे मिले?, ये कितना बड़ा खतरा है, इसपर निर्भर करती है। खुफिया ब्यूरो (IB) सहित खुफिया एजेंसियां, खतरे का आकलन करने के लिए विश्वसनीय खतरों, खफिया रिपोर्टों और अन्य निगरानी डेटा का विश्लेषण करती हैं।
इस आकलन के आधार पर, गृह मंत्रालय (MHA) यह तय करता है कि Y+ सुरक्षा दी जाए या नहीं। कंगना रनौत और शाहरुख खान जैसे हाई-प्रोफाइल अभिनेताओं को भी वाई+ सुरक्षा प्रदान की गई है।
