इलेक्शन

Nawada Assembly Elections 2025: पार्टी बदली पर मैदान वही, नवादा में फिर से पूर्व प्रत्याशी आमने-सामने, इस बार कौन मारेगा बाजी?

Nawada Assembly Constituency (नवादा विधानसभा सीट): नवादा विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होने वाले हैं। इस बार चुनाव में फिर से कौशल यादव और विभा देवी आमने-सामने हैं, लेकिन इस बार दोनों की पार्टी बदल चुकी है। नवादा सीट के चुनावी समीकरण क्या कहते हैं और किस पार्टी का यहां पलड़ा भारी है, आइए जानते हैं:

Image

नवादा विधानसभा सीट

Nawada Assembly Constituency (नवादा विधानसभा सीट): नवादा विधानसभा सीट बिहार के दक्षिणी जिले में स्थित नवादा जिले में आती है। इस सीट का इतिहास तो पुराना रहा है, लेकिन यहां किसी एक पार्टी का स्थायी गढ़ नहीं रहा। विकास की दौड़ में पिछड़े इस क्षेत्र में मतदाता अक्सर समीकरण बदलते रहे हैं। पिछले चुनाव में यह सीट आरजेडी के खाते में गई और विभा देवी यहां की विधायक बनी। हालांकि इस बार उन्होंने पाला बदलकर जेडीयू का दामन थाम लिया है और उसी के टिकट पर फिर से मैदान में उतरी हैं। दूसरी ओर आरजेडी ने कौशल यादव को उम्मीदवार बनाया है, जो पिछले चुनाव में यहां से जेडीयू के उम्मीदवार थे। इस बार नवादा में सत्ता की बाजी किसके हाथ में आएगी, यह तस्वीर 14 नवंबर को मतगणना के बाद ही साफ हो पाएगी।

नवादा सीट पर दिलचस्प मुकाबला

नवादा विधानसभा सीट से राजद की महिला प्रत्याशी विभा देवी ने 2020 के चुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार श्रवण कुमार को मात दी थी। तीसरे स्थान पर जेडीयू प्रत्याशी कौशल यादव थे, जिन्हें 34,567 वोट मिले थे। दिलचस्प बात ये है कि 2025 के चुनाव में विभा देवी और कौशल यादव फिर से आमने-सामने हैं, लेकिन इस बार दोनों की पार्टी बदल चुकी है। विभा देवी इस बार जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि कौशल यादव ने फिर से राजद में वापसी कर ली है। कांग्रेस से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले कौशल यादव ने पहले राजद और फिर जदयू का दामन थामा। जिसके बाद अब फिर से वे आरजेडी में लौटकर नवादा सीट से चुनावी मैदान में उतरे हैं।

नवादा सीट से उम्मीदवार

  • कौशल यादव - RJD
  • विभा देवी - JDU

नवादा सीट का चुनावी समीकरण

नवादा विधानसभा सीट का गठन साल 1951 में हुआ था। 1952 में यहां पहली बार चुनाव हुए। इस सीट पर अब तक कुल 19 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। एक समय पर यहां कांग्रेस का दबदबा था। कांग्रेस ने 6 बार यह सीट अपने नाम की। लेकिन 1985 में पार्टी को यहां से आखिरी बार जीत का स्वाद चखने को मिला। बीजेपी और उसकी पूर्ववर्ती जनसंघ ने यहां तीन बार जीत हासिल की। राजद ने 3 बार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने दो बार, जेडीयू ने दो बार और निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन बार नवादा सीट से जीत का परचम लहराया।

नवादा सीट का जातीय समीकरण और वोटर संख्या

नवादा विधानसभा क्षेत्र में 2020 के चुनाव में वोटरों की कुल संख्या 3,52,867 थी। जिनमें से सिर्फ 51.25 फीसदी वोटरों ने ही मतदान किया। 2024 में वोटरों की संख्या बढ़कर 3,59,244 हो गई। नवादा सीट पर ग्रामीण मतदाताओं की संख्या अधिक है। यहां 73.38 फीसदी ग्रामीण वोटर है, वहीं शहरी वोटरों का प्रतिशत सिर्फ 26.62 फीसदी है। यहां पर अनुसूचित जाति के वोटरों की आबादी 21.38 फीसदी है, जबकि मुस्लिम वोटर 14.8 प्रतिशत और राजपूत वोटर 11 फीसदी हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article