नबीनगर विधानसभा सीट
Nabinagar Assembly Constituency (नबीनगर विधानसभा सीट): बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। इस बार बिहार चुनाव (Bihar Assembly Election) दो चरणों में 6 नवंबर और 11 नवंबर को होंगे। जिसके बाद 14 नवंबर को मतगणना की जाएगी। बिहार की 243 सीटों में से एक नबीनगर विधानसभा सीट भी चुनाव के लिजाज से बेहद अहम है। जिसपर दूसरे चरण में चुनाव आयोजित होंगे। नबीनगर सीट औरंगाबाद (Aurangabad) जिले में आती है। नबीनगर विधानसभा का राजनीतिक इतिहास काफी पुराना और प्रभावशाली रहा है। यह सीट बिहार के पहले उप-मुख्यमंत्री अनुग्रह नारायण सिन्हा (Anugrah Narayan Sinha) से जुड़ी है, जिन्होंने 1946 से 1957 तक वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।
नबीनगर विधानसभा क्षेत्र का गठन साल 1951 में हुआ था। यह सीट करकट लोकसभा क्षेत्र (Karakat Lok Sabha constituency) के अंतर्गत आती है। नबीनगर विधानसभा सीट पर अब तक 18 बार इलेक्शन हो चुके हैं, जिनमें एक उपचुनाव भी शामिल हैं। बिहार के पहले डिप्टी सीएम अनुग्रह नारायण सिन्हा के परिवार का दशकों तक नबीनगर की राजनीति पर प्रभाव रहा। उनके बेटे सत्येंद्र नारायण सिन्हा उर्फ छोटे साहब (Satyendra Narayan Sinha) 1989 में बिहार के सीएम बने, जिनकी पत्नी किशोरी सिन्हा दो बार सांसद रह चुकी हैं और बेटा निखिल कुमार दिल्ली पुलिस कमिश्नर व औरंगाबाद से सांसद रह चुके हैं। इस सीट पर 8 बार कांग्रेस को जीत मिल चुकी है। इसके अलावा आरजेडी ने तीन बार जीत और जनता दल (यू) ने दो बार जीत हासिल की। वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जनता पार्टी, बिहार पीपुल्स पार्टी और लोक जनशक्ति पार्टी के एक-एक बार विधायक बन चुके हैं।
नबीनगर विधानसभा सीट पर शुरुआती दशकों में कांग्रेस (Congress) की सत्ता काबिज रही। कांग्रेस ने साल 1990 तक इस सीट पर करीब 8 बार जीत का परचम लहराया। इस बीच सीपीआई और जनता पार्टी को भी यहां से एक-एक बार जीत का स्वाद चखने को मिला। 1995 में जनता दल से वीरेंद्र सिंह ने नबीनगर से जीत हासिल की। जिसके बाद 1996 में उपचुनाव हुए। जिसमें बाहुबली पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद यहां से विधायक बनी। इसके बाद भीम यादव ने दो बार नबीनगर में आरजेडी (RJD) का परचम लहराया। लोजपा (LJP) को इस सीट से पहली बार 2005 में जीत मिली, तब विजय सिंह यहां से विधायक बने। इसके बाद से 10 साल तक जेडीयू (JDU) यहां से लगातार जीत रही है और वीरेंद्र सिंह लगातार दो बार विधायक भी बने हैं। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी के विजय सिंह यहां के विधायक बने और जेडीयू के वीरेंद्र सिंह को शिकस्त दी।
| राजनीतिक पार्टी | उम्मीदवार | वोट संख्या |
| RJD | विजय कुमार सिंह उर्फ डबलू सिंह | 64586 |
| JDU | वीरेंद्र कुमार सिंह | 44660 |
| RLSP | धर्मेंद्र कुमार | 23466 |
| LJP | विजय कुमार सिंह | 9119 |
नबीनगर विधानसभा सीट एक जनरल सीट है और ग्रामीण इलाका भी है। यहां पर 93.85 फीसदी जनसंख्या गांव में निवास करती है। वहीं शहरी वोटर्स सिर्फ 6.15 प्रतिशत हैं। नबीनगर सीट पर जातीय समीकरण देखा जाए तो यहां अनुसूचित जाति के मतदाता 24.25 फीसदी है, जो चुनावी रणनीति में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। वहीं मुस्लिम वोटर्स करीब 5.4 फीसदी हैं।
बिहार में 2020 में हुए विधानसभा चुनावों में नबीनगर क्षेत्र में रजिस्टर्ड वोटरों की कुल संख्या 2,75,914 थी। जिनमें से केवल 57.98% ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं 2024 के लोकसभा चुनावों में वोटरों की संख्या बढ़कर 2,90,116 हो गई। नबीनगर क्षेत्र में पुरुषों की संख्या 51 फीसदी है। वहीं महिलाओं का प्रतिशत 49 है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें चुनाव से जुड़ी सभी छोटी बड़ी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। भारत के चुनाव (Elections) अपडेट और विधानसभा चुनाव के प्रमुख समाचार पाएं Times Now Navbharat पर सबसे पहले ।