Gaya Town Assembly Constituency (गया टाउन विधानसभा सीट): गया टाउन विधानसभा सीट बिहार की एक महत्वपूर्ण सीट है। यह गया लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यह सीट गयाजी जिले के शहरी क्षेत्र को कवर करती है। गया टाउन सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार यहां से लगातार 8 बार चुनाव जीत चुके हैं। यहां के मौजूदा विधायक भी प्रेम कुमार ही है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच देखने को मिलता है। इस बार के चुनाव में भी गया टाउन से कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने हैं। बीजेपी ने फिर से प्रेम कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने अखौरी ओंकार नाथ को उम्मीदवार चुना है। गया टाउन सीट पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होंगे।
गया का इतिहास
फल्गु नदी के तट पर बसा गया बिहार का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। पटना के बाद राज्य की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला शहर गया ही है। यह शहर गया जिले का हिस्सा है और मगध प्रमंडल का प्रशासनिक केंद्र भी है। वैसे तो गया तीन तरफ से पहाड़ियों से घिरा है। यह शहर अपने धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के चलते प्रसिद्ध है। यह हिंदू, बौद्ध और जैन तीनों धर्मों के लिए पवित्र स्थान है। इसका जिक्र रामायण और महाभारत में भी मिलता है। कहा जाता है कि त्रेता युग में गयासुर नाम का एक राक्षस यहां रहता था, जिसके नाम पर गया नाम पड़ा है।
गया टाउन सीट का चुनावी समीकरण
गया टाउन विधानसभा सीट 1957 में अस्तित्व में आई। अब तक यहां 18 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। जिसमें कई पार्टियों को जीत मिली है। लेकिन सबसे अधिक बार यह सीट बीजेपी के खाते में गई है। 1990 से बीजेपी के दिग्गज नेता प्रेम कुमार लगातार इस सीट से जीत हासिल कर रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस 4 बार, जनसंघ 2 बार और जनता पार्टी को एक बार यहां से जीत मिली। 2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रेम कुमार ने कांग्रेस नेता अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव को शिकस्त दी। यह जीत उन्हें 11898 वोट के अंतर से हासिल हुई। हालांकि पिछले तीन चुनावों में हार-जीत का अंतर घटा है। इस बार के चुनाव में फिर से दोनों नेता आमने-सामने हैं। वहीं जन सुराज पार्टी ने पूर्व सांसद धीरेंद्र अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में यहां त्रिकोणीय मुकाबला भी देखने को मिल सकता है।
गया टाउन सीट से उम्मीदवार
- प्रेम कुमार - बीजेपी
- अखौरी ओंकार नाथ - कांग्रेस
- धीरेंद्र अग्रवाल - जन सुराज पार्टी
गया टाउन सीट का जातीय समीकरण
गया विधानसभा सीट एक जनरल कैटगरी की सीट है। यह पूरी तरह से शहरी क्षेत्र है। यहां पर 2020 के विधानसभा चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 2,69,781 थी। जिनमें से 49.91 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में वोटरों की संख्या बढ़कर 2,75,184 हो गई। इस क्षेत्र में अनुसूचित जाति के वोटर्स करीब 9.38 फीसदी हैं और मुस्लिम वोटरों की संख्या करीब 20.8 फीसदी है। इस सीट पर कायस्थ समुदाय के लोग किंगमेकर की भूमिका में रहते हैं। इसके अलावा ब्राह्मण, भूमिहार और वैश्य समुदाय के वोटर भी अहम हैं।
