इलेक्शन

Bihar Assembly Elections 2025: इलेक्शन कमीशन ने जारी की अंतिम वोटर लिस्ट, 4 लाख मतदाताओं के कटे नाम

Bihar Assembly Elections 2025: अंतिम सूची जारी होने के बाद बिहार में कुल मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 41 लाख पहुंच गई है। 4 लाख वोटर जिनके नाम ड्राफ्ट लिस्ट से काटे गए और कुल नए मतदाता जो ड्राफ्ट लिस्ट के बाद जुड़े उनकी संख्या 21 लाख है।

Image

बिहार विधानसभा चुनाव (फोटो-Istock)

Bihar Assembly Elections 2025: निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियों पर विचार करने के बाद बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले ‘‘अंतिम मतदाता सूची’’ जारी कर दी। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आयोग को टैग करते हुए अपने फेसबुक पेज पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘ विशेष गहन पुनरीक्षण के आलोक में 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। लोग संबंधित लिंक पर क्लिक कर अपने नाम देख सकते हैं।

हालांकि, राज्यभर का अंतिम आंकड़ा अभी आना बाकी है। मसौदा सूची में मतदाताओं की संख्या 7.24 करोड़ थी, जिसमें ‘‘अनुपस्थित’’, ‘‘स्थानांतरित’’ या ‘‘मृत’’ पाए गए करीब 65 लाख नाम हटाए गए थे। इसी बीच, पटना जिला प्रशासन ने एक बयान जारी कर बताया कि जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 48.15 लाख है। यह संख्या एक अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची की तुलना में 1.63 लाख अधिक है। जिले में महिला मतदाताओं की संख्या 22.75 लाख है और दीघा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 4.56 लाख मतदाता दर्ज हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा जल्द होने की संभावना है। इस बीच, देशव्यापी स्तर पर किए जाने वाले आयोग के इस एसआईआर अभियान ने विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि यह प्रक्रिया उन मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाने के लिए की जा रही है जो सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट नहीं देंगे। कुछ दलों ने इस मामले को उच्चतम न्यायालय में भी उठाया है।

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा नेताओं का कहना है कि एसआईआर ‘‘घुसपैठियों’’ को बाहर करने के लिए जरूरी है, जिन्हें कथित तौर पर विपक्षी इंडिया गठबंधन बचाना चाहता है और मताधिकार दिलाना चाहता है।

बिहार वोटर लिस्ट

बिहार वोटर लिस्ट

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article