Bihar Assembly Election: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव पर बिहार के वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान आदर्श आचार संहिता (MCC) के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
क्या है पूरा मामला?
जिला पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें यादव को 16 अक्टूबर को नामांकन जुलूस के दौरान पुलिस लोगो और नीली लाल बत्ती लगी एक एसयूवी का उपयोग करते हुए देखा गया। इसके बाद महुआ के क्षेत्र अधिकारी ने संबंधित थाने में एक शिकायत दर्ज कराई।
इसमें कहा गया, 'इसकी गहन जांच की गई और पाया गया कि वाहन पर लगा पुलिस लोगो और नीली लाल बत्ती निजी थी। इसलिए चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया।'
प्रशांत किशोर के चुनावी अभियान के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन
इससे पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के बहुप्रचारित अभियान के दौरान आदर्श आचार संहिता (MCC) के उल्लंघन का मामला सामने आया। पुलिस ने बताया कि राजद नेता तेजस्वी यादव के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में किशोर का अभियान चालू था। चुनावी राज्य बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू है, ऐसे में उस दौरान इसका उल्लंघन किया गया, जहां अब रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। हाजीपुर के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार के अनुसार, प्राथमिकी वैशाली जिले के राघोपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई। हालांकि किशोर को आरोपी के रूप में नामित नहीं किया गया था।
