Delhi Phone Snatching News: दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक 26 वर्षीय युवती ने ऐसी बहादुरी दिखाई कि दो शातिर फोन स्नेचर सलाखों के पीछे पहुंच गए। युवती ने न सिर्फ घायल होने के बावजूद बदमाशों का पीछा किया, बल्कि स्कूटी से टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया और लोगों की मदद से पकड़वा दिया।पीड़िता की पहचान खुशी माहेश्वरी के रूप में हुई है, जो पेशे से डांसर हैं।
डांसर खुशी माहेश्वरी की बहादुरी
खबर के अनुसार, खुशी माहेश्वरी शालीमार बाग मेट्रो स्टेशन के पास अपनी स्कूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनका आईफोन छीनने की कोशिश की। खुशी ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उनका हाथ पकड़ लिया और जबरन फोन छीनकर बाइक पर भागने लगे। इस छीना-झपटी में खुशी को चोट भी लगी। लेकिन खुशी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने तुरंत अपनी स्कूटी से बाइक सवार बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर ही उन्होंने बदमाशों की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों बदमाश संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद युवती ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया और दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
फोन स्नेचिंग पर युवती का पलटवार
सूचना मिलते ही शालीमार बाग थाना पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनकी पहचान 19 वर्षीय समीर उर्फ कचरा निवासी भलस्वा डेरी और 19 वर्षीय मोहित उर्फ मोहिता निवासी मुकुंदपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जो अलग-अलग जगहों से छीने गए थे।टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- प्रयागराज में जमीन के नीचे दबे मिले नोटों से भरे 3 ड्रम, 10 करोड़ रुपये होने का अनुमान
शातिर अपराधी है आरोपी समीर
नॉर्थ वेस्ट जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी समीर शातिर अपराधी है। वह पहले भी स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट के मामले में बुराड़ी थाने से पकड़ा जा चुका है। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस पूरे मामले में डीसीपी आकांक्षा यादव ने पीड़िता खुशी माहेश्वरी की बहादुरी की जमकर तारीफ की है। पुलिस ने घोषणा की है कि खुशी को उनकी दिलेरी के लिए प्रशस्ति पत्र और नकद इनाम दिया जाएगा, ताकि समाज में अन्य लोग भी अपराध के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा ले सकें। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हिम्मत और सूझबूझ से बड़े से बड़े अपराधी को भी पकड़ा जा सकता है।
