Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा से तीन लोगों को चुनाव के बाद मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत प्रधान और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अतिबुर रहमान, हबीब शेख और हबीब मुल्ला के रूप में हुई है, जो फाल्टा से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के करीबी सहयोगी हैं।
प्रधान इशराफिल चकदार के खिलाफ छापेमारी कर रही पुलिस
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ’’चुनाव के बाद डराने-धमकाने और हिंसा की शिकायतों के बाद गिरफ्तारियां की गईं। विस्तृत जांच जारी है।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस प्रधान इशराफिल चकदार और उनके सहयोगी सुजाउद्दीन शेख की तलाश में छापेमारी कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद लोगों को धमकाने में उनकी संलिप्तता के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
फाल्टा के कई बूथ से मतदान के दिन (29 अप्रैल) कई आरोप सामने आए थे, जिनमें ईवीएम पर अंकित चुनाव चिह्न पर टेप चिपकाने, मतदान केंद्रों के अंदर भीड़भाड़, बूथों के बाहर झड़पें और मतदाताओं को डराने-धमकाने के प्रयास शामिल थे।
फलता में री-पोलिंग के आदेश
वहीं,चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया है। यह आदेश चुनाव के दौरान प्राप्त हुई गड़बड़ी की शिकायतों की समीक्षा के बाद जारी किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को ही दक्षिण 24 परगना जिले के 15 अन्य मतदान केंद्रों (मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों) पर फिर से वोट डाले गए थे।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान की प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए फलता में भी दोबारा वोटिंग कराना अनिवार्य है। इस आदेश के बाद प्रशासन ने सुरक्षा और चुनाव संबंधी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
