Ballia Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान 1 जून को होगा। सातवें चरण में जिन लोकसभा सीटों पर मतदान होने जा रहा है उनमें उत्तर प्रदेश और पंजाब की तेरह-तेरह सीटें, पश्चिम बंगाल की नौ सीटें, बिहार की आठ सीटें, ओडिशा की छह सीटें, हिमाचल प्रदेश की चार सीटें, झारखंड की तीन सीटें और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की एक सीट शामिल हैं। आखिरी चरण में उत्तर प्रदेश की कई हाईप्रोफाइल सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण में देश-दुनिया की निगाहें लगी हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से हैट ट्रिक लगाने के लिए मैदान में उतरे हैं।
13 सीटों में से 2019 में भाजपा के पास नौ, बसपा व अपना दल के पास दो-दो सीटें थीं। इस बार एनडीए गठबंधन में भाजपा 10, अपना दल दो व सुभासपा एक सीट पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा आखिरी चरण की सभी 13 सीटें जीतकर क्लीन स्वीप करना चाहती है और इसके लिए एक एक सीट पर मजबूत किलेबंदी की है। भाजपा केंद्रीय संगठन की नजर हर सीट पर है और यही वजह है कि इनका जिम्मा ऐसे नेताओं को दिया है जिन्हें किंग मेकर कहा जाता है।
बलिया और चंद्रशेखर का रिश्ता
बलिया और चंद्रशेखर का नाता बहुत पुराना है। यह लोकसभा अपने राजनीतिक इतिहास और जेपी आंदोलन में पूर्व पीएम चंद्रशेखर की भागीदारी के लिए प्रसिद्ध है। इस सीट से 8 बार पूर्व पीएम चंद्रशेखर सांसद बने और उसके बाद 2009 में उनके बेटे नीरज शेखर समाजवादी पार्टी के टिकट पर सांसद बने। 2019 में नीरज शेखर भाजपा में शामिल हुए और इस बार भाजपा ने सिटिंग सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काटकर नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने इस सीट पर जीत की खास रणनीति बनाई है।
तेलंगाना के चंद्रशेखर ने डाला डेरा
बलिया लोकसभा सीट पर तेलंगाना भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने डेरा डाल लिया है। वह लगातार चुनाव प्रबंधन का काम देख रहे हैं और बूथ समितियों, चुनाव संचालन समितियों के साथ बैठक कर रहे हैं। वहीं संगठन महामंत्री चंद्रशेखर नव-मतदाता और युवाओं की चौपाल लगाकर पहली बार के वोटर्स में जोश भरने का काम कर रहे हैं। माइक्रोमैनेजमेंट में माहिर चंद्रशेखर काशी क्षेत्र, वश्चिमी यूपी क्षेत्र के संगठन मंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2017 से लेकर जनवरी 2024 तक वह राजस्थान के महामंत्री संगठन रहे। उन्हीं की देखरेख में भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 24 सीटें मिलीं और 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई।
हर विधानसभा में कर रहे बैठकें
बलिया लोकसभा सीट पर तेलंगाना भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर लगातार बैठक कर रहे हैं। वह फेफना, बलिया नगर, बैरिया, जहूराबाद, मोहम्मदाबाद विधानसभा में चुनाव प्रबंधन समिति, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र, बूथ अध्यक्ष, मंडल संयोजक, प्रभारियों की बैठकें कर चुके हैं। वहीं प्रबुद्ध जन संवाद के माध्यम से वह प्रमुख लोगों से संपर्क में हैं। इसके साथ ही हर विधानसभा में युवा चौपाल और नव मतदाता चौपाल से भाजपा के पक्ष में माहौल बनाकर कमल का बटन दबाने की अपील मतदाताओं से कर रहे हैं।
