शहर

बिहार में भीषण गर्मी का कहर, शेखपुरा में 16 स्कूली छात्राएं हुईं बेहोश; अस्पताल में भर्ती

बिहार के शेखपुरा जिले में भीषण गर्मी के दौरान 16 बच्चे स्कूल में ही बेहोश होकर गिर गए। बेहोश बच्चों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा भी मुहैया नहीं हो सकी। अन्य वाहनों से छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Image

छात्राएं हुईं बेहोश।

Photo : IANS

Sheikhpura News: बिहार में प्रचंड गर्मी पड़ रही है और इसके चपेट में अब स्कूली बच्चे भी आ रहे हैं। शेखपुरा जिले में भीषण गर्मी के दौरान 16 बच्चे स्कूल में ही बेहोश होकर गिर गए। बच्चों के बेहोश होने के बाद स्कूल में अफरा तफरी मच गई। बताया गया कि बेहोश बच्चों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा भी मुहैया नहीं हो सकी, जिसके बाद अन्य वाहनों से छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बच्चों पर पड़ रही गर्मी की मार

बता दें कि पूरे बिहार में भीषण गर्मी अपना कहर बरपा रही है। आलम यह है कि पंखे के नीचे बैठे लोग भी पसीने-पसीने हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है। जो सुबह उठकर ही छह बजे बच्चे स्कूल पहुंच रहे हैं। जल्दी विद्यालय पहुंचने के चक्कर में स्कूली बच्चे घर में खाना भी नहीं खा पा रहे हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव भी देखने को मिला।

शेखपुरा में दर्जनभर से अधिक छात्राएं बेहोश

बुधवार की सुबह शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड के मनकौल मध्य विद्यालय में अचानक दर्दनाक छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना की खबर विद्यालय के एचएम सुरेश प्रसाद ने स्वास्थ्य विभाग को दिया, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद भी एंबुलेंस नहीं आने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और टेंपो व बाइक की मदद से सभी बीमार बच्चों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना के संबंध में हेड मास्टर सुरेश प्रसाद ने बताया कि प्रार्थना के बाद जब बच्चे क्लास में पढ़ रहे थे, तभी 8वीं कक्षा की छात्रा रागिनी कुमारी, काजल कुमारी, स्नेहा कुमारी, जुली कुमारी समेत दर्जनों बच्चे बेहोश होकर गिरने लगे। पहले तो विद्यालय में बिठाकर बच्चों को पंखे से हवा किया गया और इलेक्ट्रॉल पाउडर घोलकर पिलाया गया। बाद में सूचना के बावजूद भी जब एंबुलेंस नहीं पहुंची, तो सभी बच्चों को निजी वाहन से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डिहाइड्रेशन के कारण होती है यह समस्या

वहीं, सदर अस्पताल के डॉक्टर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि अभी जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में सदर अस्पताल इलाज कराने पहुंचे सभी बच्चों को डिहाइड्रेशन की समस्या उत्पन्न हो गई थी। जिनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के बीच अभिभावकों को भी सावधान रहने की जरूरत है। विद्यालय जाने से पहले बच्चों को कुछ खिला-पिलाकर ही विद्यालय भेजें और साथ में पानी का बोतल अवश्य दें, ताकि प्यास लगने पर पानी पी सके। भीषण गर्मी के कारण जिले के अलग-अलग विद्यालयों से बच्चे बेहोश होने की सूचना मिल रही है।

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा

इधर, सरकारी स्कूलों में छात्रों के बेहोश होने पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र नहीं रह गया है, ना सरकार रह गई है केवल अफसरशाही रह गई है स्कूल के समय को लेकर मुख्यमंत्री की बात भी नहीं सुनी जाती है। मुख्यमंत्री इतने कमजोर क्यों हो गए हैं? 47 डिग्री तापमान है लू चल रही है, छोटे बच्चों का ध्यान देना चाहिए। डॉक्टर भी सलाह देते हैं कि लू में मत निकलो। बिहार के स्कूलों की आधारभूत संरचना भी उस तरह का नहीं है कि स्कूलों में बच्चे सुरक्षित रहेंगे। ये दिखा रहा है कि मुख्यमंत्री को इन लोगों ने घेर रखा है।

इनपुटः एएनआई

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!