Shivpal Yadav Badaun: सपा नेता शिवपाल यादव का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में शिवपाल यादव, एक थानेदार को हड़काते दिख रहे हैं। कहा जा रहा है कि शिवपाल यादव अपने कार्यकर्ता की गिरफ्तारी से खासे नाराज थे, जिसके बाद उन्होंने थानेदार को फोन कर दिया।
क्या बोले शिवपाल यादव
फोन पर शिवपाल यादव कह रहे हैं- आपलोग तो डिसटर्ब कर रहे, बाधित कर रहे, वोट न पड़े। ऐसा तो कभी हुआ नहीं है। आप तो चुनाव आयोग के गाइडलाइंस को भी नहीं मान रहे हैं...कौन है अधिकारी, जरा मुझे भी बता दो। नहीं-नहीं, आप अपने मन से कर रहे, या जो अधिकारी करा रहा, उसका नाम बता दो। उससे बात कर लेंगे। नहीं तो हमें अपने लोग बुलाने पड़ेंगे। सब थानों पर बैठा देंगे। जहां-जहां चुनाव हो गए हैं और जहां चुनाव नहीं हो रहे, पूरब से पश्चिम तक हम सभी थानों पर लाकर बैठा देंगे। फिर आप लोगों को हटना ही पड़ेगा। नहीं नहीं बात नहीं करो, इन्हें तुरंत छोड़ कर मुझे बताइए।"
बदायूं में सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पकड़ा
दरअसल यह वीडियो बदायूं का बताया जा रहा है। कहा जा रहा कि बदायूं लोकसभा सीट पर पुलिस ने कुछ सपा कार्यकर्ताओं को उठा लिया था। थाने में बैठा रखा था, इसी पर शिवपाल यादव भड़के थे। शिवपाल यादव का आरोप है कि सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस तंग कर रही है। ताकि सपा का चुनाव प्रचार प्रभावित हो सके।
शिवपाल के बेटे हैं बदायूं से मैदान में
बदायूं से पहले शिवपाल यादव खुद मैदान में थे, बाद में शिवपाल यादव के बेटे आदित्य को सपा ने मैदान में उतार दिया। हालांकि बदायूं की कमान शिवपाल यादव ही संभाले हुए हैं।
