इलेक्शन

आजमगढ़ में अपने ही जेठ के खिलाफ प्रचार करेगी मुलायम परिवार की छोटी बहू, निरहुआ के लिए इस दिन करेंगी रोडशो

Azamgarh Lok Sabha Election: मुलायम सिंह यादव की बहू और बीजेपी नेता अपर्णा यादव 23 मई को आजमगढ़ से बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के लिए रोड शो करेंगी। इस सीट से सपा की ओर से धर्मेंद्र यादव चुनावी मैदान में हैं, जो अर्पणा यादव के जेठ भी हैं। हालांकि, अर्पणा यादव ने इससे पहले कन्नौज से चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव और मैनपुरी से अपनी जेठानी डिंपल यादव के खिलाफ प्रचार नहीं किया था।

Image

आजमगढ़ में धर्मेंद्र यादव के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगी अपर्णा यादव

Azamgarh Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव अपने अंतिम दौर में है। 25 मई को छठे और 1 जून को सातवें चरण के मतदान होंगे। इसके बाद 4 जून को नई सरकार सत्ता में आएगी। हालांकि, छठे चरण से पहले यह चुनाव काफी रोमांचक हो चुका है। खासकर आजमगढ़ लोकसभा सीट पर मुलायम परिवार की छोटी बहू अपने ही जेठ धर्मेंद्र यादव के खिलाफ चुनाव प्रचार करती नजर आएंगी। जानकारी के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव की बहू और बीजेपी नेता अपर्णा यादव 23 मई को आजमगढ़ से बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के लिए रोड शो करेंगी। इस सीट से सपा की ओर से धर्मेंद्र यादव चुनावी मैदान में हैं, जो अर्पणा यादव के जेठ भी हैं।

खास बात यह है कि अर्पणा यादव ने इससे पहले कन्नौज से चुनाव लड़ रहे अखिलेश यादव और मैनपुरी से अपनी जेठानी डिंपल यादव के खिलाफ प्रचार नहीं किया था। हालांकि अब वह दूसरे जेठ धर्मेंद्र यादव के खिलाफ प्रचार करेंगी। बता दें, पहले चर्चा थी कि बीजेपी अपर्णा यादव को डिंपल यादव के खिलाफ मैनपुर से चुनाव लड़ा सकती है, लेकिन बाद में खुद अपर्णा यादव ने सामने आकर इन अटकलों पर विराम लगा दिया था, उन्होंने कहा था कि वो अपने परिवार का सम्मान करती हैं।

सपा ने झोंकी पूरी ताकत

आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ रहे बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव के खिलाफ धर्मेंद्र यादव मैदान में हैं। यहां 25 मई को छठे चरण में मतदान होना है। इससे पहले समाजवादी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत इस सीट पर झोंक दी है। मंगलवार को अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने आजमगढ़ में ताबड़तोड़ रैलियां की। इसके जवाब ने बीजेपी ने भी कमर कस ली है। बीते चार दिनों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आजमगढ़ के तीन दौरे कर चुके हैं। अब 23 मई को बीजेपी ने यहां दिनेश लाल यादव निरहुआ के समर्थन में अपर्णा यादव को उतार दिया है।

पीएम मोदी भी कर चुके हैं जनसभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 16 मई को आजमगढ़ में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी एक ही दुकान है, जहां वे तुष्टीकरण, झूठ, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बेचते हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article