उत्तर प्रदेश में आज सातवें और आखिरी चरण का मतदान भी होगा। इस तरह चुनाव पूरे होने के साथ ही अब हर किसी की नजर 10 मार्च को है, जब नतीजे आएंगे। इस बीच मतदान के बाद भी एग्जिट पोल के नतीजे भी सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में एग्जिट पोल के नतीजे बीजेपी के पक्ष में आए हैं। यहां एक बार फिर बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बन सकती है। 403 विधानसभा सीटों में से बीजेपी को 225 सीटें मिल सकती हैं। वहीं समाजवादी पार्टी को 151, बसपा को 14 और कांग्रेस को 9 सीटें मिल सकती हैं।
कई वीआईपी सीटों का भी एग्जिट पोल सामने आया है, जैसे गोरखपुर शहरी से योगी आदित्यनाथ जीत सकते हैं। उनके सामने खड़े हुए चंद्रशेखर आजाद हार रहे हैं। योगी को गोरखपुर में करीब 54 से 59 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं। फर्रुखाबाद से कांग्रेस की लुईस खुर्शीद बीजेपी के उम्मीदवार मेजर सुनील दत्त द्विवेदी से हार सकती हैं। लुईस खुर्शीद पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी हैं। इलाहाबाद पश्चिम से बीजेपी के सिद्धार्थ नाथ सिंह जीत रहे हैं जबकि सपा की रिचा शर्मा हार रही हैं। सिद्धार्थ नाथ सिंह को 35-39 फीसदी वोट मिल सकते हैं। इसके अलावा फाजिलनगर से सपा के स्वामी प्रसाद मौर्य हार सकते हैं। मौर्य को 31-35 फीसदी मतदान मिल सकते हैं।
योगी सरकार में मंत्री रहे मौर्य चुनाव से ठीक पहले सपा में शामिल हुए थे। उनकी हार सपा के लिए बड़ा झटका हो सकती है। यहां से बीजेपी के सुरेंद्र कुमार कुशवाहा जीत सकते हैं। उन्हें 38-41 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। वहीं करहल विधानसभा सीट से सपा प्रमुख अखिलेश यादव जीत सकते हैं। यहां उनका मुकाबला बीजेपी के एसपी बघेल से है। अखिलेश को 50-50 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
वर्तमान में मौर्य पडरौना से विधायक हैं। बिहार सीमा पर स्थित फाजिलनगर परंपरागत रूप से भाजपा के पास रही है। इस सीट पर पिछले दो बार से भाजपा प्रत्याशी गंगा सिंह कुशवाहा विजयी होते रहे हैं। इस सीट पर 2017 के चुनाव में दो महिलाओं सहित 18 नामांकन दाखिल हुए थे। इस सीट पर 56.02 प्रतिशत मतदान हुआ था। भाजपा के गंगा को 102778 वोट मिले जबकि सपा के विश्वनाथ को 60856 वोट मिले थे। इस सीट पर गंगा 41922 वोटों से विजयी हुए। साल 2012 का चुनाव परिणाम भी भाजपा के पक्ष में रहा। तब गंगा ने बसपा के कलमुद्दीन को हराया था।

