Manipur Election Exit Poll 2022, Manipur Chunav Exit Poll Results 2022: मणिपुर में जनता का रूझान क्या है, यह साफ हो गया है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार, मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी को 33-43 सीटों पर जीत मिल सकती है, जबकि कांग्रेस को बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक, कांग्रेस को यहां इस चुनाव में केवल 4-8 सीटें मिलती नजर आ रही है। वहीं NPP को 4-8 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 6-15 सीटें आ सकती हैं।
मणिपुर में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न हुई। यहां पहले चरण का मतदान 28 फरवरी को हुआ, जबकि दूसरे व आखिरी चरण के तहत 5 मार्च को वोट डाले गए। यूं तो नतीजों का औपचारिक ऐलान 10 मार्च को ही होगा, जब स्पष्ट होगा कि इस बार किस पार्टी के पक्ष में जनादेश आया है, लेकिन इससे पहले आज आए एग्जिट पोल से जनता के रूझान का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दांव पर है इन दिग्गजों की किस्मत
मणिपुर में दो चरणों में हुए चुनाव में जिन दिग्गजों की साख दांव पर है, उनमें मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, डिप्टी सीएम युमनाम जॉयकुमार सिंह, मणिपुर के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके ओकराम इबोबी सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री गैखंगम गंगमेई, वाई खेमचंद सिंह, एन लोकेश सिंह शामिल हैं। बीजेपी के कई मंत्रियों और मौजूदा विधायकों के चुनावी भाग्य का फैसला भी इस चुनाव से होगा।
मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 19 मार्च को खत्म होने जा रहा है और इसलिए यहां इससे पहले सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसकी शुरुआत 10 मार्च को नतीजों के औपचारिक ऐलान के बाद ही शुरू होगी। इस चुनाव में NPP अलग चुनाव लड़ रही है, जो 2017 से यहां बीजेपी की सहयोगी रही है।
बीते चुनाव में हुआ था बड़ा उलटफेर
मणिपुर में विधानसभा की 60 सीटें हैं। यहां फिलहाल बीजेपी की सरकार है। इससे पहले 2017 में यहां विधानसभा चुनाव हुआ था, जब कांग्रेस को सबसे अधिक 28 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि बीजेपी 21 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आई थी। हालांकि बहुमत से चंद आंकड़ा कम होने के बाद भी कांग्रेस यहां सरकार नहीं बना पाई थी और बीजेपी ने निर्दलीय और कांग्रेस के बागी विधायकों के दम पर सरकार बना ली थी। इस चुनाव में कांग्रेस, बीजेपी को छोड़ दें तो NPF और NPP ने चार-चार सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि TMC और निर्दलीय के खाते में एक-एक सीट गई थी।

