UP Chunav: अखिलेश यादव के खिलाफ सैफई में मामला दर्ज, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का है आरोप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 21, 2022, 09:09 PM IST

उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के मतदान के दौरान मतदान केंद्र पर मीडिया से बातचीत करने के मामले में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।

UP Chunav: अखिलेश यादव के खिलाफ सैफई में मामला दर्ज, आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का है आरोप

समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ सैफई थाने में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। सैफई के एसडीएम ने कहा कि सैफई थाने में सपा नेता अखिलेश यादव के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला कल दर्ज किया गया।

डीएम ने कहा कि 20 फरवरी को उत्तर प्रदेश चुनाव के तीसरे चरण के मतदान  के दौरान एक मतदान केंद्र के अंदर मीडिया से बात करने के लिए सपा प्रमुख के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।  

सैफई के अभिनव स्कूल में एक मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान अखिलेश यादव ने मीडिया से बात की। सोशल मीडिया पर सपा अध्यक्ष का वीडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। यादव का वीडियो सोशल मीडिया पर उपलब्ध होने के बाद सैफई एसडीएम और सर्कल ऑफिसर को मामले की जांच करने को कहा गया।

जिला मजिस्ट्रेट श्रुति सिंह ने कहा कि वीडियो को प्रामाणिक पाए जाने और इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए अखिलेश यादव के खिलाफ सैफई पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।

End of Article