इलेक्शन

'अरे राहुल बाबा! आप तो क्या आपकी नानी भी नहीं हटा पाएगी CAA', अमित शाह ने राम मंदिर को लेकर किया बड़ा दावा

Amit Shah Slams Congress: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर अमित शाह ने कांग्रेस और सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अरे राहुल बाबा, आप तो क्या आपकी नानी भी ऊपर से वापस आ जाए, इस सीएए को नहीं हटा पाएगी। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मतदाताओं ने गलती की तो राम मंदिर में 'बाबरी' नाम का ताला लग जाएगा।

Image

कांग्रेस और सपा पर बरसे अमित शाह।

Photo : Twitter

Lok Sabha Chunav: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तीन चरणों का मतदान हो चुका है, अभी चार राउंड की वोटिंग से पहले सभी सियासी पार्टियां और उनके नेता एक दूसरे पर तीखा हमला बोल रहे हैं। इसी कड़ी में देश के गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कहा है कि राहुल बाबा, आप तो क्या आपकी नानी भी ऊपर से वापस आ जाए, इस सीएए को नहीं हटा पाएगी। साथ ही शाह ने राम मंदिर के मुद्दे पर भी विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने गलती की तो राम मंदिर में 'बाबरी' नाम का ताला लग जाएगा।

'राम मंदिर में लग जाएगा बाबरी नाम का ताला'

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के बाद इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की सरकार बनी तो अयोध्या के राम मंदिर पर 'बाबरी' नाम का ताला लगा दिया जाएगा। शाह ने खीरी सीट से भाजपा उम्मीदवार अजय मिश्रा 'टेनी' के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए इंडिया गठबंधन के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव के एक बयान का जिक्र किया और कहा, 'रामगोपाल यादव राम मंदिर को बेकार बताते हैं। मेरी बात याद रखना। जरा भी गलती की तो ये लोग राम मंदिर पर बाबरी नाम का ताला लगा देंगे।'

प्राण प्रतिष्ठा में न जाने को लेकर साधा निशाना

उन्होंने कांग्रेस पर राम मंदिर के मुद्दे को 70 साल से लटका कर धोखा देने का आरोप लगाते हुए दावा किया, '(नरेन्द्र) मोदी जी को आपने दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया। उन्होंने पांच ही साल में केस भी जीता। भूमि पूजन भी किया और प्राण प्रतिष्ठा करके जय श्री राम कर दिया।' शाह ने कहा, 'प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण विपक्ष के सभी नेताओं को दिया गया लेकिन वह नहीं गए क्योंकि वह अपने वोट बैंक से डरते हैं। उनका वोट बैंक कौन है? मालूम है ना? जो राम के काज से डर जाए, उत्तर प्रदेश उसके साथ नहीं रह सकता।'

राहुल गांधी की नानी पर शाह का तीखा प्रहार

उन्होंने दावा किया, 'तीसरे चरण के चुनाव तक मोदी जी 190 सीटें पार कर रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में चौथे चरण में भाजपा 400 सीटों की ओर मजबूती से बढ़ रही है। सपा, बसपा और कांग्रेस का सूपड़ा हो गया है।' शाह ने संशोधित नागरिकता कानून का जिक्र करते हुए कहा, 'मोदी जी अभी-अभी पाकिस्तान से भारत में आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन लोगों को नागरिकता देने का कानून लेकर आए। खीरी में भी ढेर सारे लोगों के पास नागरिकता नहीं है। इनको नागरिकता मिलनी चाहिए कि नहीं मिलनी चाहिए? राहुल बाबा (राहुल गांधी) कहता है, अखिलेश कहते हैं कि हम सीएए को हटा देंगे। अरे राहुल बाबा! आप तो क्या आपकी नानी भी ऊपर से वापस आ जाए, इस सीएए को नहीं हटा पाएगी।'

शाह ने पूछा- विपक्ष से कौन बनेगा प्रधानमंत्री?

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, 'आप मुझे बताओ अगर इंडी गठबंधन का बहुमत आता है तो उसका प्रधानमंत्री कौन बनेगा? क्या शरद पवार बन सकते हैं? ममता दीदी बन सकती है? क्या स्टालिन बन सकते हैं? क्या अखिलेश जी बन सकते हैं? और अंतिम नाम देता हूं... हंसना मत... राहुल गांधी बन सकते हैं क्या? अरे इनके पास तो प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी भी नहीं है। इनके पास ना नेता है, ना नीति है, ना नीयत है।'

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article