इलेक्शन

West Bengal Assembly Election: कोलकाता के वॉर रूम से अमित शाह करेंगे बंगाल चुनाव की लाइव मॉनिटरिंग; 152 सीटों पर आज वोटिंग

West Bengal Assembly Election 2026: गृह मंत्री Amit Shah आज कोलकाता में बीजेपी वॉर रूम से बंगाल चुनाव के पहले चरण की मॉनिटरिंग करेंगे। आज मतदान के पहले चरण में 152 सीटों का भविष्य जनता तय करने वाली है।

Image

अमित शाह ने कोलकाता में संभाली कमान (फाइल फोटो)

Photo : PTI

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल के चुनावी इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। 23 अप्रैल, गुरुवार को हो रहे पहले चरण के मतदान के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) खुद कोलकाता में मोर्चा संभालेंगे। ऐसा पहली बार हो रहा है जब देश के गृह मंत्री राज्य के विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के 'वॉर रूम' में बैठकर सीधे स्थिति की निगरानी करेंगे। अमित शाह का यह कदम बीजेपी की उस आक्रामक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत पार्टी इस बार बंगाल की सत्ता में 'डबल इंजन' सरकार लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

वॉर रूम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग

कोलकाता स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में बने अत्याधुनिक वॉर रूम से अमित शाह सीधे जमीन पर तैनात पोलिंग एजेंटों और जिला प्रभारियों के संपर्क में रहेंगे। यहां से वे रीयल-टाइम डेटा, मतदान प्रतिशत और संवेदनशील बूथों पर हो रही गतिविधियों की निगरानी करेंगे। किसी भी अप्रिय घटना या मतदान में बाधा की स्थिति में वॉर रूम से सीधे चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन को रिपोर्ट किया जाएगा।

चुनावी रैलियों और रोड शो के भी हैं कार्यक्रम

वॉर रूम में समय बिताने के साथ-साथ अमित शाह आज हुगली और उत्तर 24 परगना में धुआंधार प्रचार भी करेंगे। उनका आज का कार्यक्रम कुछ इस तरह रहने वाला है:

  • दोपहर 02:30 बजे: हुगली के बालागढ़ (पंचपारा खेल मठ मैदान) में जनसभा।
  • दोपहर 03:45 बजे: हुगली के ही पुरसुराह (मायापुर पानपिट ग्राउंड) में दूसरी जनसभा।
  • शाम 05:30 बजे: उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम (शिलामणि ब्रिज) में एक रोड शो, जो बारासात क्षेत्र के मतदाताओं को साधने की कोशिश करेगा।

आज 152 सीटों पर चुनाव

आज पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में पहले चरण की वोटिंग हो रही है। बंगाल में 152 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा, जहां मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। शेष 142 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। मतगणना के बाद नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article