Akhilesh Yadav Nomination : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कन्नौज सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। सपा अध्यक्ष का इस सीट पर मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सुब्रत पाठक से होगा। नामांकन के समय सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव भी उनके साथ मौजूद थे। कन्नौज सीट सपा का गढ़ है। यहां से अखिलेश तीन बार सांसद रह चुके हैं। इस सीट से मुलायम सिंह यादव और अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव भी लोकसभा के लिए चुनी जा चुकी हैं। कन्नौज सीट से अखिलेश के उम्मीदवार बनने के बाद इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
बसपा से इमरान जफर मैदान में
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) यहां से इमरान बिन जफर को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर पहले अखिलेश के भतीजे तेज प्रताप यादव को टिकट मिला था लेकिन बताया जा रहा है कि इस उम्मीदवारी में सपा को वह 'दम खम' नजर नहीं आया इसलिए इस पारिवारिक सीट से अखिलेश ने चुनाव लड़ने का फैसला किया। कन्नौज के स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं ने भी सपा अध्यक्ष को यहां से चुनाव लड़ने की मांग की थी। चुनावी मैदान में अखिलेश के उतर आने के बाद इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
'अब चुनावी मैच भारत बनाम पाकिस्तान क्रिकेट जैसा होगा'
अखिलेश की उम्मीदवारी पर फैसला हो जाने के बाद कन्नौज सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सुब्रत पाठक ने प्रतिक्रिया दी। पाठक ने कहा कि 'लोकतंत्र में चुनाव सबसे बड़ा त्योहार होता है। जब चुनाव होते हैं तो दिलचस्प होने चाहिए। जब अखिलेश यादव ने तेज प्रताप को यहां भेजा तो उन्हें समझ में आ गया। अगर मुकाबला तेज प्रताप से होता तो भारत बनाम जापान होता लेकिन अब चुनावी मैच भारत बनाम पाकिस्तान क्रिकेट जैसा होगा। हम पाकिस्तान की प्रवृत्ति की तुलना अखिलेश से कर रहे हैं। उस प्रकार की प्रवृत्ति को अखिलेश यूपी में बढ़ावा दे रहे हैं। वह एक माफिया के घर शोक प्रकट करने जाते हैं और राम चरितमानस जलाने वालों का समर्थन करते हैं।'
सुब्रत पाठक पागल हैं-रामगोपाल यादव
भाजपा सांसद के इस बयान पर सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'पाठक पागल हैं और उन्हें पागलखाने भेजा जाना चाहिए क्योंकि ऐसे पालग व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकते।'
यह भी पढ़ें- अमेठी और रायबरेली से लड़ सकते हैं राहुल और प्रियंका
बसपा से इमरान जफर
इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की तरफ से इमरान बिन जफर चुनाव मैदान में हैं। कन्नौज लोकसभा सीट के लिए चौथे चरण में 13 मई को वोट डाले जाने हैं। अखिलेश यादव के कन्नौज से चुनाव लड़ने की घोषणा के कन्नौज का सियासी पारा बढ़ गया है। कन्नौज सीट से अखिलेश के चुनाव लड़ने की चर्चा काफी पहले से हो रही थी लेकिन तेज प्रताप यादव के नाम की घोषणा होने के बाद इस सीट पर कयासबाजी बंद हो गई थी।
