इलेक्शन

AAP के 16 विधायकों को आया फोन, पार्टी छोड़ने पर मंत्रीपद के साथ-साथ करोड़ों का ऑफर- केजरीवाल का सनसनीखेज दावा

दिल्ली में भले ही वोटिंग खत्म हो गई है, अब मतगणना का इंतजार है, लेकिन जिस तरह से आरोप-प्रत्यारोप हो रहे हैं, उससे ऐसा लगता है कि अभी भी मतदाताओं को लुभाने का काम जारी है। एग्जिट पोल के बाद आप ने बीजेपी पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया है।

Image

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल

Photo : PTI

आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे से पहले उनके 16 विधायकों को फोन आया है। इन विधायकों को आप छोड़ने के बदले करोड़ों रुपयों का ऑफर किया गया है। कई को मंत्रीपद का लालच भी दिया जा रहा है। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने यह दावा करते हुए इशारों ही इशारों में बीजेपी पर निशाना साधा।

15-15 करोड़ रुपये का ऑफर

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को आरोप लगाया क‍ि उनके 16 उम्मीदवारों को अन्य पार्टी में शामिल होने के लिए फोन आया है और प्रत्येक को 15-15 करोड़ रुपये देने का ऑफर दिया गया। अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "कुछ एजेंसि‍यां दिखा रही हैं कि एक पार्टी की 55 से ज्यादा सीटें आ रही हैं। पिछले दो घंटे में हमारे 16 उम्मीदवारों के पास फोन आ गए हैं कि 'आप' छोड़ के उनकी पार्टी में आ जाओ, मंत्री बना देंगे और हरेक को 15-15 करोड़ देंगे। अगर इनकी पार्टी की 55 से ज्यादा सीटें आ रहीं हैं तो हमारे उम्मीदवारों को फोन करने की क्या जरूरत है? जाहिर तौर पे ये फर्जी सर्वे करवाए ही इसलिए गए हैं, ताकि ये माहौल बनाकर कुछ उम्मीदवारों को तोड़ा जा सके। हमारा एक भी आदमी नहीं टूटेगा।"

मुकेश अहलावत ने भी किया दावा

आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मुकेश अहलावत ने एक्स पर एक पोस्ट कहा, "मैं मर जाऊंगा, कट जाऊंगा, लेकिन कभी अरविंद केजरीवाल का साथ नहीं छोडूंगा। उन्होंने अपनी पोस्ट में एक मोबाइल नंबर भी लिखा और कहा कि मुझे इस नंबर से फोन आया। उसने बोला कि उनकी सरकार बन रही है, मंत्री बना देंगे और 15 करोड़ रुपये भी देंगे। 'आप' छोड़ के आ जाओ। मैं इनको कहना चाहता हूं कि केजरीवाल ने और 'आप' पार्टी ने मुझे इज्‍जत दी है, मैं मरते दम तक अपनी पार्टी को नहीं छोड़ूंगा।"

आतिशी ने भी साधा निशाना

मुकेश अहलावत की पोस्ट पर दिल्ली की सीएम आतिशी ने एक्स पर कहा, "अगर एक पार्टी की 50 से ज़्यादा सीटें आ रही हैं, तो यह हमारे प्रत्याशियों को संपर्क कर के तोड़ने की कोशिश क्यों कर रहे हैं? यह दिखा रहा है कि एग्जिट पोल आम आदमी पार्टी के विधायकों को तोड़ने की एक साजिश है !

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article