What is ECA Quota in DU: दिल्ली यूनिवर्सिटी (Delhi University - DU) में पढ़ना हर छात्र का सपना होता है। कक्षा 12वीं पास कर हर साल लाखों उम्मीदवार डीयू में एडमिशन लेने के लिए दिल्ली आते हैं। लेकिन यह सपना हर छात्र का पूरा नहीं हो पाता है। क्योंकि एकेडमिक स्कोर में कमी आपके लिए यहां थोड़ी मुसीबत खड़ी करती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एकेडमिक स्कोर थोड़ा कम भी होने पर भी एक तरीका है, जिससे आप डीयू में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। जी हां, छात्र अपने हुनर के दम पर भी डीयू के टॉप कॉलेज में दाखिला ले सकते हैं। वो तरीका है ECA कोटा। आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
क्या है ECA कोटा? (What is ECA Quota)
ईसीए (ECA) का मतलब है 'एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटीज'। पढ़ाई से अलग जिन छात्रों के पास कला, संस्कृति, संगीत या किसी अन्य रचनात्मक क्षेत्र में असाधारण हुनर होता है, दिल्ली यूनिवर्सिटी उन्हें बढ़ावा देने के लिए अपने हर कॉलेज में कुछ सीटें रिजर्व रखती है। यूनिवर्सिटी के नियमों के मुताबिक, हर कॉलेज को अपनी कुल सीटों का कम से कम 1% से 5% हिस्सा स्पोर्ट्स और ईसीए कोटे के लिए रखना अनिवार्य होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Odisha सरकार का बड़ा फैसला, KG से PG तक मुफ्त होगी पढ़ाई, 30 लाख से अधिक छात्रों को मिलेगा लाभ
किन श्रेणियों के छात्रों को मिलता है इसका फायदा?
क्रिएटिव राइटिंग: कविता, कहानी या निबंध लेखन में माहिर छात्र।
डांस: क्लासिकल (जैसे कथक, भरतनाट्यम) या वेस्टर्न/फोक डांस।
डिबेट: हिंदी या अंग्रेजी में दमदार तरीके से अपनी बात रखने वाले वक्ता।
डिजिटल मीडिया: फोटोग्राफी, फिल्म मेकिंग या एनिमेशन के शौकीन।
फाइन आर्ट्स: स्केचिंग, पेंटिंग, मूर्तिकला (Sculpture) आदि।
म्यूजिक: वोकल (गायन) या इंस्ट्रूमेंटल (तब्ला, गिटार, बांसुरी आदि बजाना)।
थिएटर: नाटक, स्ट्रीट प्ले (नुक्कड़ नाटक) या एक्टिंग का अनुभव।
स्पोर्ट्स: किसी भी खेल में स्टेट या नेशनल लेवल खेलने वाले छात्र।
क्विज और एनसीसी/एनएसएस: एनसीसी कैडेट्स और समाज सेवा (NSS) से जुड़े छात्र।
अगर आप ऊपर दी गई किसी भी एक्टिविटी में माहिर हैं और आपके पास इसका प्रामाणिक सर्टिफिकेट या अनुभव है, तो आप इस कोटे के माध्यम से डीयू में एडमिशन प्राप्त कर सकते हैं।
ECA कोटे से कैसे मिलता है दाखिला?
ईसीए कोटे की खास बात यह है कि इसके तहत एडमिशन सिर्फ 12वीं के मार्क्स या CUET स्कोर के भरोसे नहीं होता। इसकी एक तय चयन प्रक्रिया होती है। आइए जानते हैं -
CUET परीक्षा: छात्र का सीयूईटी की प्रवेश परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है, क्योंकि इसके स्कोर का एक निश्चित वेटेज (Weightage) होता है।
सर्टिफिकेट और ट्रायल्स: आवेदन के समय छात्रों को अपने पिछले 3-4 सालों के बेस्ट परफॉर्मेंस सर्टिफिकेट्स अपलोड करने होते हैं। इसके बाद यूनिवर्सिटी द्वारा फिजिकल या ऑनलाइन 'ट्रायल्स' लिए जाते हैं, जहां आपको अपना हुनर लाइव दिखाना होता है।
मेरिट का निर्धारण: आमतौर पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार करते समय 25% वेटेज CUET स्कोर को और 75% वेटेज आपके ईसीए ट्रायल्स व सर्टिफिकेट्स को दिया जाता है।
यदि आप इस कोटे से एडमिशन लेते हैं, तो कॉलेज के दिनों में आपको यूनिवर्सिटी की ईसीए सोसाइटी (जैसे ड्रामा क्लब, डांस सोसाइटी) का सक्रिय हिस्सा बनना होगा और कॉलेज के लिए प्रतियोगिताओं में भाग लेना होगा। अगर आपके पास कोई अनोखा हुनर है, तो डीयू का ईसीए कोटा आपके लिए एक बेहतरीन मौका साबित हो सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Rajasthan Graduate level CET के लिए 4 जुलाई से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, यहां देखें आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
कितनी सीटों पर मिल सकता है एडमिशन
ECA और स्पोर्ट्स कोटे के तहत दिल्ली यूनिवर्सिटी के 65 कॉलेजों में उपलब्ध 1,370 सीटों पर एडमिशन होंगे। छात्र इसकी कॉलेज और कैटेगरी वाइज पूरी लिस्ट ऑफिशियल वेबसाइट admission.uod.ac.in पर देख सकते हैं। इस बार सबसे ज्यादा 125 सीटें क्लासिकल डांस के लिए हैं, जबकि थिएटर के लिए 123 और इंडियन म्यूजिक के लिए 109 सीटें तय की गई हैं। वहीं वेस्टर्न म्यूजिक के लिए सबसे कम केवल 3 सीटें रखी गई हैं।
स्पोर्ट्स कोटे के नियम
स्पोर्ट्स कैटेगरी के तहत क्रिकेट, बेसबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो खो, नेटबॉल, सॉफ्टबॉल, वॉलीबॉल, फेंसिंग, जूडो, स्क्वाश, टीटी, ताइक्वांडो, टेनिस, कुश्ती, तीरंदाजी, चेस, डाइविंग, जिमनास्टिक, शूटिंग, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक्स समेत 28 कैटेगरी में दाखिले होंगे। इसमें मेरिट का निर्धारण 50% वेटेज सीयूईटी स्कोर और 50% वेटेज परफॉर्मेंस टेस्ट को मिलेगा, जिसमें 30% सर्टिफिकेट और 20% फिजिकल फिटनेस के अंक शामिल होंगे।
