UPSSSC Lower PCS Exam City Details Released : उत्तर प्रदेश में लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने Lower PCS Main Exam 2026 के लिए परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना जारी कर दी है। आयोग की ओर से जारी आवश्यक सूचना के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है, वे अब अपना एग्जाम सिटी डिटेल चेक कर सकते हैं। आयोग के मुताबिक विज्ञापन संख्या-07-परीक्षा/2026 के अंतर्गत सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा का आयोजन 23 अगस्त 2026 को किया जाना प्रस्तावित है। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।
आयोग ने बताया है कि मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध एग्जामिनेशन सेगमेंट में जाकर संबंधित विकल्प के माध्यम से अपनी परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना देख सकते हैं और उसे डाउनलोड भी कर सकते हैं।
एडमिट कार्ड कब आएगा?
फिलहाल आयोग ने परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना जारी की है। इसमें अभ्यर्थी को परीक्षा किस जिले में देनी है, इसकी जानकारी मिलेगी। परीक्षा केंद्र का पूरा पता और अन्य विवरण एडमिट कार्ड में जारी किए जाएंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे समय रहते मुख्य परीक्षा शुल्क जमा कर अपनी Exam City Details जरूर चेक कर लें और आगे एडमिट कार्ड से जुड़ी अपडेट के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
शुल्क जमा करना जरूरी
अभ्यर्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मुख्य परीक्षा का निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना देखी जा सकेगी। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक मेन्स एग्जाम के लिए फीस का भुगतान नहीं किया है, उन्हें एग्जाम सिटी डिटेल में अपना विवरण दिखाई नहीं देगा। ऐसे अभ्यर्थियों को आयोग ने सलाह दी है कि वे पहले निर्धारित शुल्क का भुगतान करें और इसके बाद अपनी परीक्षा जनपद की सूचना चेक करें। आयोग की ओर से जारी सूचना में यह भी बताया गया है कि परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना डाउनलोड करने की सुविधा आयोग के आधिकारिक मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध है।
