संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन (ESE) 2027 का परीक्षा शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी कार्यक्रम के मुताबिक, इस भर्ती परीक्षा का पहला चरण यानी प्रीलिम्स 31 जनवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा। वहीं, मुख्य परीक्षा (मेन्स) की तारीख 18 जून 2027 तय की गई है। इस परीक्षा के जरिए केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में ग्रुप A और ग्रुप B के इंजीनियरिंग पदों पर भर्ती की जाती है। परीक्षा की तारीखें सामने आने के बाद उम्मीदवार अपनी तैयारी को बेहतर तरीके से प्लान कर सकते हैं।
UPSC ESE 2027 की परीक्षा कब होगी?
आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार परीक्षा की जरूरी तारीखें इस प्रकार हैं:
| परीक्षा | तारीख |
| प्रीलिम्स परीक्षा | 31 जनवरी 2027 |
| मेन्स परीक्षा | 18 जून 2027 |
| प्रीलिम्स एडमिट कार्ड | जनवरी 2027 में संभावित |
| प्रीलिम्स रिजल्ट | मार्च 2027 में संभावित |
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: RRB Station Master बनने का मौका, 1250 पदों पर होगी भर्ती
प्रीलिम्स में सफल होने वाले उम्मीदवार ही मेन्स परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसके बाद चयन प्रक्रिया में पर्सनैलिटी टेस्ट भी शामिल होगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे प्रीलिम्स की तैयारी के साथ मेन्स की पढ़ाई भी जारी रखें, ताकि दोनों परीक्षाओं के बीच मिलने वाले समय का सही इस्तेमाल हो सके।
कब आ सकता है एडमिट कार्ड
UPSC ESE प्रीलिम्स का एडमिट कार्ड जनवरी 2027 के दूसरे सप्ताह में जारी होने की उम्मीद है। हालांकि, आयोग ने अभी इसकी पक्की तारीख नहीं बताई है। इसी तरह प्रीलिम्स का रिजल्ट मार्च 2027 में आने की संभावना है।
एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in से इसे डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड का प्रिंट और वैध फोटो पहचान पत्र साथ ले जाना होगा।
डाउनलोड करें परीक्षा शेड्यूल
- सबसे पहले UPSC की वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर 'What's New' या 'Examination Notices' सेक्शन खोलें।
- Engineering Services Examination 2027 से जुड़ा नोटिस खोजें।
- नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करके PDF खोलें।
- परीक्षा की तारीखें देखने के बाद PDF डाउनलोड कर लें।
उम्मीदवारों को परीक्षा के समय, शिफ्ट और अन्य जरूरी निर्देशों के लिए आयोग की वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट देखते रहना चाहिए।
