Times Now Navbharat
live-tv
Premium

दिल्ली में सांसों पर संकट! दुनिया के सबसे साफ देशों से कितनी पीछे है राजधानी, आखिर क्यों घुट रहा दम?

दिल्ली का AQI फिनलैंड और एस्टोनिया जैसे दुनिया के सबसे साफ देशों से बेहद जहरीला है, आखिर दुनिया के सबसे साफ हवा वाले देशों के मुकाबले देश की राजधानी कहां खड़ी है, और हर साल ठंड की शुरुआत में ही राजधानी 'गैस चैंबर' क्यों बन जाती है?

Image
आखिर क्यों घुट रहा राजधानी दिल्ली का दम? (AI Generated/News Room Verified)
Authored by: रवि वैश्य
Updated Nov 10, 2026, 18:20 IST
Follow on Google News

दीपावली के बाद देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर 'गैस चैंबर' में तब्दील हो चुकी है। आनंद विहार से लेकर बवाना और जहांगीरपुरी तक, दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 से 450 के पार 'अति गंभीर' (Severe+) श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली की इस हवा में सांस लेना रोजाना 20 से 25 सिगरेट पीने जितना नुकसानदेह साबित हो रहा है।

लेकिन क्या पूरी दुनिया की हवा ऐसी ही है? जवाब है- बिल्कुल नहीं। दुनिया में कई ऐसे देश हैं जहां लोग शुद्ध हवा में सांस लेते हैं और उनका AQI 10 से भी नीचे रहता है। आइए समझते हैं कि दुनिया के सबसे साफ हवा वाले देशों की तुलना में दिल्ली कहाँ खड़ी है और यहां हर साल सर्दियों की शुरुआत में सांसों का संकट क्यों गहरा जाता है।

WHO कहता है कि सालभर का औसत PM2.5 सिर्फ 5 होना चाहिए। दुनिया में कुछ ही देश ही इस लिमिट में हैं, जैसे-आइसलैंड, एस्टोनिया, फिनलैंड, ऑस्ट्रेलिया जैसे वहीं दिल्ली में एक दिन में ही ये लिमिट 60 गुना पार हो गई।

क्या है दिल्ली बनाम दुनिया के सबसे साफ हवा वाले देश

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानकों के मुताबिक हवा में PM 2.5 का सुरक्षित स्तर 5 µg/m³ होना चाहिए। स्वीडन, फिनलैंड, आइसलैंड, नॉर्वे और न्यूजीलैंड जैसे देशों में औसतन AQI 5 से 15 के बीच बना रहता है। इन देशों के प्रमुख शहरों (जैसे हेलसिंकी या वेलिंगटन) में PM 2.5 का स्तर 3 से 8 µg/m³ रहता है। वहीं दिवाली के आसपास और ठंड के दिनों में दिल्ली का AQI 400 से 500+ तक पहुंच जाता है। दिल्ली में PM 2.5 का स्तर सुरक्षित सीमा (60 µg/m³) से 8 से 10 गुना और WHO के मानक से 40 गुना से भी ज्यादा ऊपर चला जाता है।

देख लें दिल्ली बनाम साफ हवा वाले देशों की तुलना-

देश / शहरऔसत AQIPM 2.5 का स्तरहवा की स्थिति
फिनलैंड (Finland)5 – 8~2.8 µg/m³बिल्कुल शुद्ध (Good)
आइसलैंड (Iceland)5 – 9~3.5 µg/m³बिल्कुल शुद्ध (Good)
एस्टोनिया (Estonia)8 – 12~3.4 µg/m³बिल्कुल शुद्ध (Good)
न्यूजीलैंड (New Zealand)6 – 11~4.1 µg/m³बिल्कुल शुद्ध (Good)
दिल्ली (Delhi - वर्तमान)400 – 450+~250–300 µg/m³बेहद खतरनाक (Severe / Hazardous)

फिनलैंड, एस्टोनिया और न्यूजीलैंड की हवा इतनी साफ क्यों?

100% ग्रीन और जियोथर्मल एनर्जी- आइसलैंड अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए कोयले की बजाय भू-तापीय (Geothermal) और जल विद्युत का उपयोग करता है।

एस्टोनिया का ग्रीन ट्रांसपोर्ट- एस्टोनिया की राजधानी टालिन में नागरिकों के लिए सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह मुफ्त और इलेक्ट्रिक है, जिससे सड़कों पर निजी गाड़ियाँ बेहद कम निकलती हैं।

फिनलैंड का फॉरेस्ट कवर- फिनलैंड का 75 फीसदी से अधिक हिस्सा घने जंगलों से घिरा है, जो प्राकृतक रूप से हवा को फिल्टर करते हैं।

भौगोलिक संरचना (Geography)- न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया चारों तरफ समुद्र से घिरे हैं, जहां चलने वाली तेज समुद्री हवाएं प्रदूषण को टिकने ही नहीं देतीं।

आखिर क्यों घुटता है देश की राजधानी दिल्ली का दम?

दिल्ली की जहरीली हवा के पीछे केवल एक वजह नहीं, बल्कि कई भौगोलिक, मौसम और इंसानी कारक एक साथ काम करते हैं-

पराली और पटाखों का धुआं

सुप्रीम कोर्ट ने ग्रीन पटाखों की इजाजत दी थी, लेकिन दिल्ली में अवैध पटाखे जमकर चले। एक रात में ही PM2.5 कई गुना बढ़ गया।पंजाब और हरियाणा में फसल काटने के बाद जलाई जाने वाली पराली का धुआं उत्तर-पश्चिमी हवाओं के साथ दिल्ली पहुंचता है। दिवाली के पटाखों का उत्सर्जन इस पहले से खराब हवा में आग में घी का काम करता है।

पराली के साथ सर्दी का मौसम

सर्दियों में ठंडी हवा भारी होकर जमीन के करीब बैठ जाती है। यह ठंडी हवा एक 'ढक्कन' (Lid) की तरह काम करती है और गाड़ियों, कारखानों व पटाखों के धुएं को नीचे ही रोक लेती है।

दिल्ली-एनसीआर की भौगोलीय स्थिति

दिल्ली-एनसीआर इंडो-गंगा के मैदानों (Indo-Gangetic Plain) में स्थित है। एक तरह से यह कटोरीनुमा बनावट है, जहां हवा की गति धीमी होते ही प्रदूषण जम जाता है।

गाड़ियां और निर्माण कार्य

दिवाली पर ट्रैफिक और कंस्ट्रक्शन डस्ट ने आग में घी डाला यानी दिल्ली की सड़कों पर दौड़तीं लाखों गाड़ियां और निर्माण कार्यों की धूल (Construction Dust) 365 दिन हवा को प्रदूषित करती हैं, जो सर्दियों में जमा होकर Smog बन जाती है।

इन देशों से दिल्ली क्या सीख सकती है?

एस्टोनिया की राजधानी टालिन (Tallinn) ने 2013 में निवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को 100% मुफ़्त और पूरी तरह हरित (Electric & Hybrid) बनाने का ऐतिहासिक कदम उठाया। यदि दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो और ई-बस (E-Bus) सेवाओं में सब्सिडी बढ़ाई जाए और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी (ई-रिक्शा/साइकिल ट्रैक्स) मुफ़्त या न्यूनतम दरों पर दी जाए, तो सड़कों पर 30-40% कारें और मोटरसाइकिलें कम हो सकती हैं।

वहीं एस्टोनिया ने अपने सार्वजनिक परिवहन को डीजल/पेट्रोल से पूरी तरह हटाकर इलेक्ट्रिक ट्राम और बसों में बदल दिया। दिल्ली को भी अपने पूरे बस बेड़े (DTC/Cluster) और ऑटो को 100% ईवी (EV) में बदलना होगा।दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों (जैसे सीपी, चांदनी चौक, साउथ एक्स) में निजी गाड़ियों के प्रवेश पर 'कंजेशन टैक्स' (Congestion Fee) लागू कर लोगों को बस या मेट्रो लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।

आइसलैंड अपनी 100% बिजली और घरों की हीटिंग की ज़रूरतें भू-तापीय और जल विद्युत जैसी क्लीन एनर्जी से पूरी करता है, जिससे वहाँ कोयले या जीवाश्म ईंधन से धुएं का नामोनिशान नहीं है।दिल्ली के आसपास (हरियाणा, पंजाब और यूपी में) स्थित कोयला आधारित ताप बिजलीघर (Coal सर्दियों में जहरीला धुआं छोड़ते हैं। दिल्ली-एनसीआर को अपनी ऊर्जा आवश्यकता पूरी तरह Solar Energy और Green Hydrogen पर शिफ्ट करनी होगी।

फिनलैंड का 75% भूभाग जंगलों से ढका है। राजधानी हेलसिंकी में "मियावाकी अर्बन फॉरेस्ट्स" और स्ट्रैटेजिक ग्रीन बेल्ट्स का जाल बिछाया गया है, जो प्राकृतिक एयर प्यूरीफायर की तरह धूल और हानिकारक कणों (PM 2.5 और PM 10) को सोख लेते हैं। दिल्ली को पंजाब, हरियाणा और यूपी की सीमाओं तथा बड़े राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे घने पेड़-पौधों के 'ग्रीन कॉरिडोर' बनाने की जरूरत है। यह बाहरी राज्यों से आने वाली धूल और पराली के धुएं को सीधे दिल्ली की हवा में मिलने से रोकेगा।

End of Article