एजुकेशन

ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा में बड़ा बदलाव, अब सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को मिलेंगे असीमित प्रयास

कैबिनेट ने ओडिशा सिविल सेवा (OCS) परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रयासों की अधिकतम सीमा खत्म करने का फैसला लिया है। नए नियम लागू होने के बाद सामान्य, SEBC, SC और ST वर्ग के योग्य उम्मीदवार तय उम्र सीमा तक कितनी भी बार परीक्षा दे सकेंगे।

Image

ओडिशा सिविल सेवा: तय उम्र सीमा तक असीमित प्रयास (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

ओडिशा में सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य कैबिनेट ने ओडिशा सिविल सेवा (OCS) परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रयासों की अधिकतम सीमा खत्म करने का फैसला लिया है। नए नियम लागू होने के बाद सामान्य, SEBC, SC और ST वर्ग के योग्य उम्मीदवार तय उम्र सीमा तक कितनी भी बार परीक्षा दे सकेंगे। इस बदलाव से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें पहले सीमित प्रयासों के कारण परीक्षा छोड़नी पड़ती थी। अब उम्मीदवारों को अपनी तैयारी सुधारने और सफलता हासिल करने के लिए ज्यादा मौके मिल सकेंगे।

पुराने नियमों के तहत अलग-अलग वर्गों के लिए प्रयासों की संख्या तय थी। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 6 और SEBC वर्ग को 9 प्रयास मिलते थे। SC/ST वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए पहले से ही प्रयासों की कोई सीमा नहीं थी। अब कैबिनेट के फैसले के बाद यह पाबंदी सभी वर्गों के लिए हटाई जा रही है।

वर्गपहले प्रयासों की सीमानए फैसले के बाद
सामान्य वर्ग6कोई सीमा नहीं
SEBC9कोई सीमा नहीं
SC/STपहले से असीमितकोई सीमा नहीं

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या है Productive Hour Rule, टॉपर बनने में करता है मदद

42 साल तक दे सकेंगे परीक्षा

ओडिशा सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा के लिए अधिकतम उम्र सीमा 42 वर्ष तय की है यानी उम्मीदवार 42 साल की उम्र तक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। हालांकि, इसके लिए उन्हें शैक्षणिक योग्यता और दूसरे जरूरी नियमों को पूरा करना होगा।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 15 अगस्त 2026 को इस बदलाव की घोषणा की थी। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद नियमों में संशोधन का रास्ता साफ हो गया है। इस फैसले से उन युवाओं को भी तैयारी जारी रखने का मौका मिलेगा, जो पहले प्रयासों की सीमा पूरी होने के कारण निराश हो गए थे।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article