एजुकेशन

UPSC CSE Answer Key: अब प्रीलिम्स रिजल्ट के तुरंत बाद जारी होगी आंसर की! यूपीएससी ने लिया बड़ा फैसला

यूपीएससी अब प्रारंभिक परीक्षा के तुरंत बाद उत्तर कुंजी जारी करेगा। जिसके बाद गलत उत्तर होने के बाद अभ्यर्थी ऑब्जेक्शन उठा सकते हैं। लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थी इसकी मांग कर रहे थे। हालांकि यूपीएससी प्रीलिम्स के तुरंत बाद आंसर की जारी किए जाने का हमेशा से ही विरोध करता आ रहा है।

Image

UPSC (iStock)

UPSC Prelims 2025 Answer Key: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) अब सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा (UPSC CSE Prelims) के तुरंत बाद इसकी प्रोविजनल आंसर की जारी करेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्रों व आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने का पूरा मौका मिलेगा। हालांकि अभी प्रीलिम्स परीक्षा के अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही आंसर की जारी की जाएगी। लंबे समय से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थी इसकी मांग कर रहे थे। यूपीएससी का कहना है कि पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से आंसर की को लेकर ये फैसला लिया गया है।

सालों से अभ्यर्थियों की थी शिकायत

लाइव हिंदुस्तान की खबर के मुताबिक आयोग अब प्रीलिम्स एग्जाम के तुरंत बाद उत्तर कुंजी जारी करेगा। सालों से सिविल सेवा अभ्यर्थी शिकायत कर रहे थे कि उनके पास प्रीलिम्स पेपर में हुई गलतियों को चुनौती देने का कोई भी तरीका नहीं है। मगर अब इस बदलाव से अभ्यर्थियों की समस्या का हल हो गया है।

इससे पहले यूपीएससी प्रीलिम्स के तुरंत बाद आंसर की जारी किए जाने का हमेशा से ही विरोध करता आ रहा है। आयोग ने चेतावनी भी दी थी कि इससे परीक्षा प्रक्रिया में देरी भी हो सकती है। बताते चलें कि साल 2025 की यूपीएससी प्री परीक्षा 25 मई को हुई थी और इसके रिजल्ट 11 जून 2025 को घोषित किए गए थे।

निष्पक्ष अवसर की रही है मांग

बता दें कि साल 2023 में उम्मीदवारों ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी कि यूपीएससी प्रीलिम्स की आंसर कुंजी अंतिम परिणाम से पहले जारी करे। इस याचिका में ये भी कहा गया था कि यूपीएससी की नीति मनमानी है और उम्मीदवारों को निष्पक्ष अवसर नहीं मिलता। एक याचिका शुरुआती रूप में दायर हुई थी, जिसमें साल 2023 प्रीलिम्स की उत्तर कुंजी अभी जारी करने का आदेश की मांग रखी गई थी, मगर इस याचिका को वापस ले लिया गया था।

आयोग के हलफनामे में क्या?

हालांकि, मामला अभी सर्वोच्च न्यायालय के विचाराधीन है ऐसे में यूपीएससी ने अपने हलफनामे में ये लिखा है कि वो प्रीलिम्स एग्जाम के तुरंत बाद उत्तर कुंजी जारी करने के लिए तैयार है। अदालत को इस प्रस्ताव पर निर्णय देना है। साथ ही आयोग ने कहा है कि वो इस निर्णय को न्यायालय के समक्ष रखना उचित समझता है और उसने अपने नए निर्णय के आलोक में याचिकाओं का निपटारा करने की भी मांग की है। अब इस मामले की सुनवाई 14 अक्तूबर को होने की उम्मीद है।

End of Article