UPPSC APO Main Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रॉसिक्यूशन ऑफिसर (APO) मुख्य परीक्षा 2026 के परिणाम का इंतजार कर रहे हजारों उम्मीदवारों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय (Allahabad High Court) में कुछ छात्राओं द्वारा दर्ज याचिका विचाराधीन होने के कारण एपीओ मुख्य परीक्षा के फाइनल रिजल्ट पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। आयोग द्वारा हाई कोर्ट में चल रहे मामले के अंतिम फैसले के बाद ही परिणाम जारी करने का निर्णय लिया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा प्रक्रिया को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। आइए जानते हैं कि यह पूरा मामला क्या है और किस वजह से परिणाम पर रोक लगी है।
क्या है पूरा विवाद और हाई कोर्ट में मामला?
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित APO भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, जैसे—प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर कुंजी, आरक्षण के नियमों और कट-ऑफ अंक से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विषयों को लेकर अभ्यर्थियों के समूहों ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की हैं। याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट में सवाल उठाया है कि अगर आरक्षित श्रेणी का कोई उम्मीदवार बिना किसी छूट और लाभ के जनरल कैटेगरी की कटऑफ के बराबर अंक प्राप्त करता है तो उसके जनरल कैटेगरी में क्यों शामिल नहीं किया जा रहा है। याचिकाकर्ता ने कोर्ट में इसे समान अवसर और समानता के संवैधानिक सिद्धांतों से जुड़ा हुआ अहम मुद्दा बताया। याचिकाकर्ता ने बताया कि ओबीसी कैटेगरी के कई कुछ उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन्होंने परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए हैं और वह जनरल कैटेगरी की कटऑफ से अधिक अंक लाए हैं, तो उन्हें क्यों उस कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -IBPS Clerk PET Admit Card 2026: आईबीपीएस क्लर्क पीईटी परीक्षा के एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जारी, आसान स्टेप में करें डाउनलोड
रिजल्ट जारी करने पर लगी रोक
मामले की सुनवाई के दौरान जज को बताया गया कि जल्द ही एपीओ परीक्षा के रिजल्ट की घोषणा की जा सकती है। जिसके बाद अदालत ने इस मामले में आयोग से जवाब मांगा और निर्देश दिया कि जब तक इस विषय पर अंतिम सुनवाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित नहीं किए जाएंगे। इस प्रकार रिजल्ट को होल्ड कर दिया गया है।
उम्मीदवारों पर क्या पड़ेगा इसका प्रभाव?
हाई कोर्ट में सुनवाई की तिथियों के कारण अंतिम परिणाम में लंबा विलंब हो सकता है। मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद ही सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू आयोजित किया जाता है। रिजल्ट रुकने से पूरी साक्षात्कार प्रक्रिया आगे खिसक जाएगी। लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इंतजार की अवधि बढ़ गई है, जिससे वे अगली रणनीतियों को लेकर असमंजस में हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -राजस्थान में 9वीं से 12वीं के लिए शुरू हुई E-Pathshala, घर बैठे कर पाएंगे डिजिटल माध्यम से पढ़ाई
आयोग का रुख और आगे का रास्ता
UPPSC का स्पष्ट कहना है कि वह न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह से पालन करेगा। आयोग की ओर से हाई कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती से रखा जा रहा है ताकि मामले का जल्द से जल्द निस्तारण हो सके। विधिक बाधाएं समाप्त होते ही आयोग अपनी आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर संशोधित या अंतिम परिणाम घोषित कर देगा।
