UPSSSC Junior Assistant 2022 Final Result OUT: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा-2021 से जुड़ी भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने 21 अगस्त 2026 को इस संबंध में आवश्यक सूचना जारी की। इस भर्ती के तहत संशोधित 54 रिक्त पदों के सापेक्ष 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। आयोग के नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि लंबवत आरक्षण के तहत अनुसूचित जाति के 2 और अनुसूचित जनजाति के 2 पद अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण आगे बढ़ाए गए हैं। यानी इन पदों पर इस भर्ती प्रक्रिया के तहत चयन नहीं हो सका।
UPSSSC ने लिखित परीक्षा, टंकण परीक्षा, पात्रता और अभिलेख परीक्षण के बाद मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के अंतिम परिणाम और संबंधित कटऑफ अंकों को आयोग की मंजूरी दे दी है। अब चयनित अभ्यर्थियों को आगे की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए संबंधित विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
54 पदों के मुकाबले 50 अभ्यर्थी चयनित
आयोग की ओर से जारी वर्गवार विवरण के मुताबिक, अनारक्षित वर्ग के 34 पदों पर 34 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। अनुसूचित जाति के 5 पदों में से 3, अनुसूचित जनजाति के 3 पदों में से 1, अन्य पिछड़ा वर्ग के सभी 7 पदों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सभी 5 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इस तरह कुल 54 पदों के सापेक्ष 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ है।
62 से घटकर 54 हुए थे पद
आयोग के अनुसार, शुरुआत में इस भर्ती के लिए कुल 62 पदों पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। आवेदन की अंतिम तारीख 8 जनवरी 2023 थी। बाद में अधियाचनकर्ता विभाग से मिले संशोधित विवरण के आधार पर आयोग ने 26 जुलाई 2024 को पदों की संख्या संशोधित करते हुए 54 पदों का वर्गवार और क्षैतिज आरक्षण विवरण जारी किया था।
