यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आवेदन की प्रक्रिया जल्द बंद होने वाली है। उम्मीदवार 28 अक्टूबर 2026 को रात 11:50 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अब तक 5.50 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, लेकिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों का आवेदन अभी अधूरा है। एनटीए के आंकड़ों के मुताबिक, रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी उम्मीदवारों ने अभी आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। आवेदन की स्थिति नीचे दी गई है।
जिन उम्मीदवारों का फॉर्म या फीस जमा करना बाकी है, उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए ताकि अंतिम समय में यदि वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक हो गया तो आपको परेशानी न हो।
| आवेदन की स्थिति | उम्मीदवारों की संख्या |
| कुल रजिस्ट्रेशन | 5,50,048 |
| फॉर्म सबमिट | 3,73,419 |
| अधूरे आवेदन | 1,36,993 |
| फीस जमा करना बाकी | 31,580 |
UGC NET के लिए ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाना होगा। वहां दिसंबर 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करके जरूरी जानकारी भरें। इसके बाद मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन शुल्क जमा करें। फॉर्म सबमिट होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके उसका प्रिंट जरूर रख लें।
लाइव फोटो कैप्चर नहीं हो रही तो क्या करें?
फॉर्म भरते समय कुछ उम्मीदवारों को लाइव फोटो खींचने में परेशानी हो रही है। इससे बचने के लिए इन बातों का ध्यान रखें:
- चेहरे पर पर्याप्त रोशनी हो और पीछे का बैकग्राउंड साफ हो।
- कैमरे के सामने केवल आवेदक का चेहरा दिखाई दे।
- ब्राउजर की कैशे क्लियर करके दोबारा कोशिश करें।
- जरूरत पड़ने पर दूसरा ब्राउजर या Incognito Mode इस्तेमाल करें।
- आवेदन फॉर्म दोबारा खोलकर लाइव फोटो कैप्चर करने की प्रक्रिया पूरी करें।
कब होगी यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा?
यूजीसी नेट दिसंबर सत्र की परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को सीबीटी मोड में आयोजित हो सकती है। परीक्षा 87 विषयों में होगी। इसके जरिए सहायक प्रोफेसर, जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता तय की जाती है। परीक्षा शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बाद में जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को नए अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP में हाईस्कूल स्तर के प्रधानाध्यापक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 1172 पदों के लिए जनवरी को होगी परीक्षा
