ऑटो न्यूज़

आप भी खरीद पाएंगे अब 'डिफेंडर'! एक झटके में 34 लाख रुपये तक हुई सस्ती

अगर आप भी एक लग्जरी एसयूवी खरीदने का विचार बना रहे हैं तो खुश हो जाइए। जगुआर लैंड रोवर (JLR) इंडिया ने अपनी पॉपुलर एसयूवी डिफेंडर 110 का उत्पादन भारत में शुरू कर दिया है।

Image

एक झटके में 34 लाख रुपये तक सस्ती हुई Land Rover Defender

Land Rover Defender Price Cut: लग्जरी एसयूवी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। लग्जरी वाहन निर्माता जगुआर लैंड रोवर (JLR) इंडिया ने अपनी पॉपुलर एसयूवी डिफेंडर 110 (Defender 110) का उत्पादन भारत में शुरू कर दिया है। अब इस एसयूवी को पुणे स्थित कंपनी के प्लांट में तैयार किया जा रहा है। भारत में उत्पादन शुरू होने से इसके टॉप वेरिएंट की कीमत में 34 लाख रुपये तक की कमी आने की उम्मीद है। कंपनी को इस फैसले से डिफेंडर की बिक्री में भी 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की उम्मीद है।

कितने घट जाएंगे दाम

भारत में असेंबल की गई डिफेंडर 110 को एक्स-डायनेमिक एचएसई वेरिएंट में तीन इंजन विकल्पों के साथ पेश किया गया है। इसमें 350hp की पावर वाला 3.0 लीटर डीजल इंजन, 400hp की पावर वाला 3.0 लीटर पेट्रोल इंजन और 300hp की पावर वाला 2.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन शामिल है। 3.0 लीटर डीजल और 3.0 लीटर पेट्रोल इंजन वाले मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत (नई दिल्ली) अब 1.18 करोड़ रुपये हो जाएगी। पहले पूरी तरह आयात किए जाने वाले इन मॉडलों की कीमत 1.52 करोड़ रुपये थी। इस तरह इनकी कीमत में 34 लाख रुपये की कटौती होगी। वहीं, 2.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन वाली डिफेंडर 110 की कीमत अब 99 लाख रुपये हो जाएगी, जो पहले 1.13 करोड़ रुपये थी। यानी इस मॉडल की कीमत 14 लाख रुपये कम हो जाएगी।

वेरिएंटपुरानी एक्स-शोरूम कीमतनई एक्स-शोरूम कीमतकीमत में कटौती
Defender 110 2.0L पेट्रोल X-Dynamic HSE1.13 करोड़ रुपये99 लाख रुपये14 लाख रुपये
Defender 110 3.0L पेट्रोल X-Dynamic HSE1.52 करोड़ रुपये1.18 करोड़ रुपये34 लाख रुपये
Defender 110 3.0L डीजल X-Dynamic HSE1.52 करोड़ रुपये1.18 करोड़ रुपये34 लाख रुपये

भारत बना डिफेंडर का स्थानीय उत्पादन करने वाला पहला बाजार

न्यूज एजेंसी भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेएलआर इंडिया ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि भारत यूरोप के बाहर पहला ऐसा बाजार बन गया है, जहां डिफेंडर का लोकल उत्पादन शुरू हुआ है। इससे भारतीय ग्राहकों के लिए इस एसयूवी की उपलब्धता बेहतर हो सकती है और कंपनी मांग के अनुसार गाड़ियों की सप्लाई तेजी से कर सकेगी।

हालांकि, वैश्विक बाजारों के लिए डिफेंडर का उत्पादन पहले की तरह स्लोवाकिया के नित्रा स्थित जेएलआर प्लांट में जारी रहेगा। यह प्लांट डिफेंडर के उत्पादन का प्रमुख केंद्र बना रहेगा। यहां डिफेंडर ऑक्टा, डिफेंडर 90 और डिफेंडर 130 जैसे अन्य मॉडल भी तैयार किए जाते रहेंगे।

भारत में बिक चुकी हैं 9,000 से ज्यादा यूनिट

जेएलआर इंडिया के प्रबंध निदेशक राजन अंबा ने बताया कि पिछले साढ़े तीन साल में भारत में डिफेंडर की 9,000 से अधिक यूनिट बिक चुकी हैं। यह कंपनी का भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल है। उनके मुताबिक, पुणे में इसका उत्पादन शुरू करना भारत में कंपनी की विस्तार योजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह फैसला भारत में कंपनी की टीम और उसके भागीदारों की गुणवत्ता पर भरोसे को भी दिखाता है। स्थानीय उत्पादन से कंपनी को भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

पेट्रोल और डीजल इंजन के मिलेंगे विकल्प

कंपनी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी लेनार्ड हूर्निक ने कहा कि डिफेंडर का भारत में उत्पादन कंपनी की 'रिइमैजिन' रणनीति का अहम हिस्सा है। इससे ग्राहकों की मांग के हिसाब से गाड़ियों की आपूर्ति करने में मदद मिलेगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article